मोदी नहीं कांग्रेस के निमंत्रण पर भारत आये पाकिस्तानी सांसद
नई दिल्ली (विवेक शुक्ला)। हालांकि भारत-पाकिस्तान के बीच सरकारी स्तर पर कोई बातचीत नहीं हो रही है और दोनों मुल्कों के संबंध बेहद तनावपूर्ण हैं जम्मू-कश्मीर में सरहद पार के आतंकियों के हालिया हमले के कारण। पर, ट्रैक टू डिप्लोमेसी का दौर जारी है ताकि संबंधों को फिर से पटरी पा लाया जा सके।

इसी के चलते पाकिस्तान के 13 सांसदों की एक टोली आज भारत पहुंची। ये कांग्रेस के सांसद मणिशंकर अय्यर के निमंत्रण पर भारत आए हैं। पाकिस्तानी सांसंदों का मुख्य रूप से संबंध सत्ताधारी मुस्लिम लीग से है।
जानकारों ने बताया कि पाकिस्तानी सांसद भारत में लेखकों, पत्रकारों और दूसरे खास लोगों से मिलने वाले हैं। अभी यह नहीं मालूम चला है कि पाकिस्तानी सांसद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज या और किसी अहम सरकार के नेता से मिलेंगे।
जानकारों का कहना है कि आज तो मोदी या सुषमा स्वराज किसी भी हालत में पाकिस्तानी सांसदों से मुलाकात करने का वक्त नहीं निकाल पाएंगे क्योंकि आज ये दोनों रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के साथ मुलाकातों में व्यस्त हैं।
हैरानी इस बात पर है कि मणिशंकर अय्यर ने पाकिस्तानी सांसदों के भारत आने की जानकारी मीडिया को भी नहीं दी। पाकिस्तानी सांसदों के सारे कार्यक्रम को बेहद गुप्त रखा जा रहा है। बताते चलें कि अय्यर पाकिस्तान मामलों के एक्सपर्ट हैं। वे पाकिस्तान में डिप्लोमेट की हैसियत से रहे भी हैं। बहरहाल जानकार मानते हैं कि दोनों देशों को बातचीत के रास्ते बंद नहीं करने चाहिए। बातचीत करके ही विवाद हल हो सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications