पीएम मोदी को डोनाल्ड ट्रंप से असम के 19 लाख लोगों के प्रत्यर्पण के लिए पूछना चाहिए: पी चिदंबरम
नई दिल्ली। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने सीएए, एनआरसी और एनपीआर को लेकर केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत की यात्रा पर आ रहे हैं, लिहाजा पीएम मोदी को उनसे पूछना चाहिए कि क्या 19 लाख असम के लोगों का प्रत्यर्पण संभव है। पीएम मोदी पर तंज कसते हुए चिदंबरम ने कहा कि ट्रंप ने भारत दौरे पर आने से पहले ही कहा है कि वह सीएए पर सवाल पूछेंगे। 6-10 लाख लोग सीएए से प्रभावित हो रहे हैं, लिहाजा क्या यात्रा पर आने वाले बिना सवाल पूछे वापस जा पाएंगे। दुनिया के तमाम देशों ने इस मसले पर सवाल उठाए हैं।

चिदंबरम ने कहा कि सीएए असम में सात लाख मुसलमानों को देश से बाहर निकालने और 12 लाख हिंदुओं को रखने का एक हथियार है। अन्य देशों ने अवैध प्रवासियो को रोका है, लेकिन किसी ने 19 लाख लोगों को प्रत्यर्पित नहीं किया। अगर पीएम मोदी को किसी भी तरह का संदेह है तो वह ट्रंप से इस बारे में पूछ सकते हैं और वह जवाब देंगे। चिदंबरम ने कहा कि यह लड़ाई मुस्लिम बनाम भारत सरकार नहीं बल्कि भारत के लोगों और भाजपा के बीच की लड़ाई है।
बता दें कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आज भारत की यात्रा पर आ रहे हैं। ट्रंप अपनी पत्नी और प्रथम महिला मेलानिया ट्रम्प के साथ भारत के दो दिवसीय दौरे के लिए रवाना हो चुके हैं। वह आज सुबह 11 बजकर 40 मिनट पर भारत पहुंच जाएंगे। डोनाल्ड ट्रंप और मेलानिया के साथ उनकी बेटी और दामाद भी भारत दौरे पर आ रहे हैं। ट्रंप एंड्रयूज एयर फोर्स बेस से भी रवाना हो गए हैं, राष्ट्रपति ट्रंप कल अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम में 'नमस्ते ट्रम्प' कार्यक्रम में भाग लेंगे।व्हाइट हाउस से निकलने से पहले डोनाल्ड ट्रंप का एक बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि वह भारत के लोगों से मिलने के लिए काफी उत्सुक हैं। ट्रंप ने कहा, मुझे पीएम के साथ बहुत अच्छा लगता है, वह मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं। हम लाखों लोगों के साथ रहेंगे, उन्होंने मुझे बताया कि यह अब तक की सबसे बड़ी घटना होगी।












Click it and Unblock the Notifications