Co-WIN की दुनिया भर में सराहना, भारत दूसरे देशों को मुफ्त में देगा सोर्स सॉफ्टवेयर
नई दिल्ली। कनाडा, मैक्सिको, नाइजीरिया और पनामा सहित लगभग 50 देशों ने अपने टीकाकरण अभियान को चलाने के लिए को-विन (Co-WIN ) जैसी प्रणाली रखने में रुचि दिखाई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि भारत ओपन सोर्स सॉफ्टवेयर को मुफ्त में उनसे साझा करने के लिए तैयार है।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य अधिकरण और Co-WIN प्लेटफार्म के चीफ एक्जीक्यूटीव ऑफिसर आरएस शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने Co-WIN का ओपन सोर्स वर्जन तैयार करने का निर्देश दिया और इसकी आवश्यकता जिन देशों को है उन्हें मुफ्त उपलब्ध कराने को कहा है।
उन्होंने कहा कि Co-WIN प्लेटफॉर्म इतना लोकप्रिय हो गया है कि मध्य एशिया, लैटिन अमेरिका, अफ्रीका के लगभग 50 देशों ने इस जैसी प्रणाली बनाने में रुचि दिखाई है। आरएस शर्मा ने आगे बताया, '5 जुलाई को हम ग्लोबल कॉन्क्लेव कर रहे हैं जहां दुनिया को बताएंगे कि यह सिस्टम कैसे काम करता है, इसे कैसे विकसित किया गया और यह किस तरह काम करता है।
साथ ही हम इसका ओपन सोर्स वर्जन किसी भी देश के साथ शेयर करने को कैसे तैयार होंगे। कनाडा, मेक्सिको व अन्य देशों से इसकी काफी मांग की जा रही है।' उन्होंने बताया कि आधार व यूपीआई के अनुभवों से भारत ने इस तरह के प्लेटफार्म को बनाना सीखा है।












Click it and Unblock the Notifications