BSF चीफ बोले-बॉर्डर पर कोरोना संक्रमित आतंकियों को रोकना हमारा लक्ष्य
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के चलते पूरी दुनिया में हाहाकार मचा हुआ है। कोरोना महामारी का असर अब अवैध गतिविधियों पर भी दिखना शुरू हो गया है। पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ लगती भारत की सीमाओं पर पिछले पांच हफ्तों से किसी भी बड़ी अवैध गतिविधियों जैसे आतंकवादियों की घुसपैठ, मानव तस्करी, नकली मुद्रा या नशीली दवाओं की तस्करी जैसी कोई घटना सामने नहीं आई है।

हिन्दुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में बीएसएफ और आईटीबीपी के चीफ सुरजीत सिंह देसवाल ने कहा कि, इस दौरान सीमाओं के पर कुछ छुटपुट घटनाएं सामने आई हैं। बॉर्डर सील हैं। उन्होंने कहा कि, हमने बॉर्डर पर हाई अलर्ट बनाए हुए हैं। सीमा पूरी तरह सील है, वहां पर किसी भी तरह की गतिविधि की अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा कि, लॉकडाउन के दौरान हमारी प्राथमिकता सीमापार से कोरोना वायरस वाहकों की घुसपैठ को रोकना है और अन्य गतिविधियों पर कड़ी निगरानी बनाए रखना है। बता दें कि हाल ही में ऐसी रिपोर्ट्स सामने आईं थी कि, पाकिस्तान की ओर से कई कोरोना संक्रमित आतंकी भारत में घुसने की फिराक में हैं।
सुरजीत सिंह देसवाल ने कहा कि, एलओसी और इंटरनेशलन बॉर्डर पर हाल ही में पाकिस्तान की ओर से की गई अवैध गतिविधियों का भारत की ओर से मुंहतोड़ जवाब दिया गया है। इसी तरह, बांग्लादेश की सीमा पर बीते महीने भर में तस्करी की बहुत कम घटनाएं हुई हैं। बीएसएफ के आंकड़ों के अनुसार, 1 जनवरी से 24 मार्च के बीच पंजाब में पाकिस्तान की सीमा पर 97 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई, जबकि 25 मार्च से 12 अप्रैल के बीच केवल 17 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई।
देसवाल ने कहा कि, भारत-चीन सीमा पर भी सतर्कता बनाकर रखी गई है। बीएसएफ में कोरोना संक्रमित जवान मिलने पर देसवाल ने कहा कि, दोनों बल अब कोरोना मुक्त हैं, और बीएसएफ के कुछ जवान जो संक्रमित थे वे ठीक हो गए हैं। हमने सभी सैनिकों और उनके परिवारों को अतिरिक्त शारीरिक व्यायाम करने के लिए कहा है, क्योंकि एक स्वस्थ शरीर कोरोनावायरस के खिलाफ सबसे अच्छी दवा है। नाम ना बताने की शर्त पर एक बीएसएफ अधिकारी ने कहा कि, हाल में सीमा पर आतंकवादियों की कोई घुसपैठ नहीं हुई है। 25 मार्च को पंजाब में एक घटना हुई थी, जिसमें अमृतसर के पुल मोरां बॉर्डर पर एक पाकिस्तानी नागरिक को भारत की सीमा में आने से रोका गया था, जबकि एक अन्य पाकिस्तानी 26 मार्च को फिरोजपुर के बमेर से पकड़ा गया था।












Click it and Unblock the Notifications