पेट्रोल-डीजल के बढ़े दाम पर विपक्ष ने सरकार को घेरा, जया बच्चन बोलीं- पता नहीं इन्हें कौन सत्ता में लाया
नई दिल्ली, 22 मार्च। तकरीबन चार महीने के बाद पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोत्तरी की गई है। पेट्रोल और डीजल के दाम में प्रति लीटर 80 पैसे की बढ़त्तरी की गई है। पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद पहली बार यह बढ़ोतरी की गई है। पेट्रोल और डीजल के दाम में बढ़ोत्तरी के बाद विपक्ष ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। सपा सांसद जया बच्चन ने कहा कि ये सरकार ऐसा ही करती है। अखिलेश यादव कई बार चुनाव प्रचार के दौरान कह चुके थे कि लोगों को अलर्ट रहना चाहिए, चुनाव के बाद पेट्रोल और डीजल के दाम में बढ़ोत्तरी की जाएगी। मुझे समझ नहीं आता है कि इन्हें सत्ता में कौन लेकर आया है।

वहीं लोकसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी सरकार को इस फैसले पर घेरा। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम में बढ़ोत्तरी करके मोदी सरकार गरीबों को लूटकर 1000 करोड़ रुपए की कमाई कर रही है। कई लोग कहते हैं कि ईंधन के दाम में बढ़ोत्तरी यूक्रेन-रूस के बीच चल रहे संकट की वजह से बढ़ रहे हैं लेकिन पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार हमने रूस से एक फीसदी कच्चा तेल भी नहीं खरीदा है। वहीं कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि हमने पहले ही कहा था कि विधानसभा चुनाव के बाद ईंधन के दामों बड़ी बढ़ोत्तरी होगी, हम सही साबित हुए हैं। मोदी सरकार गरीबों को लूटने से कतई कतराती नहीं है। हम सभी आम लोगों के पक्ष में एकजुट होकर लोकसभा के भीतर और बाहर खड़े रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications