दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट के गेट पर फायरिंग, पेशी पर आए शार्प शूटर को लगी गोली
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में आज उस वक्त हड़कंप मच गया जब अचानक कुछ लोगों ने गेट नंबर 2 के पास फायरिंग कर दी। इस वारदात में एक शख्स के गोली लगने के चलते घायल होने की खबर सामने आई है। पुलिस इस मामले में फिलहाल छानबीन करने में जुटी हुई है। इस वारदात में पुलिस को मौके से एक हथियार भी बरामद हुआ है, जिससे गोली चलाई गई थी।

अभी तक जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक घायल शख्स शार्प शूटर है और उसे पेशी पर कोर्ट लाया गया था। गोली उसके हाथ पर लगी और वो वहीं गिर गया। गोली चलाने वाला नाबालिग बताया जा रहा है जिसके गिरफ्तार होने की भी खबर है। पुलिस के मुताबिक इस गोलीबारी के पीछे गैंगवार की आशंका है। क्योंकि फायरिंग उस वक्त हुई जब वहां कुछ आरोपियों को लाया जा रहा था।
आपको बता दें कि दिल्ली में कोर्ट परिसर में फायरिंग की ये कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले बीते साल नवंबर के महीने में रोहिणी कोर्ट परिसर में भी फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया था। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। मरने वाला शख्स कैदी था। रोहिणी कोर्ट में इससे पहले भी कई बार फायरिंग हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications