नोटबंदी का एक महीना पूरा, आपके फायदे की 5 बातें, जरूर पढ़ें
नोटबंदी के फैसले के बाद सरकार ने कुछ नई घोषणाएं की हैं। इन घोषणाओं में आपके फायदे की बहुत सारी बातें हैं।
नई दिल्ली। नोटबंदी के फैसले को एक महीना पूरा हो गया है। इस एक महीने में सरकार ने अपने कुछ फैसलों में बदलाव किया तो कई नई घोषणाएं भी की। गुरुवार को सरकार ने कई घोषणाएं करते हुए छूट का पिटारा खोल दिया।


डिजिटल ट्रांजैक्शन से पेट्रोल डीजल पर छूट
सरकार ने नोटबंदी के 30वें दिन डिजिटल डिस्काउंट का तोहफा दिया। सरकार ने घोषणा की है कि अगर आप अपने वाहन में पेट्रोल डीजल भरवाते समय डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड से भुगतान करते हैं तो आपको 0.75 प्रतिशत की छूट मिलेगी
आपको बता दें कि नोटबंदी के बाद से पेट्रोल पंपों पर डिजिटल भुगतान में 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। रोजाना करीब 4.5 करोड़ उपभोक्ता 1,800 करोड़ रुपए का डीजल और पेट्रोल खरीदते है।

2000 रुपए तक के भुगतान पर सर्विस टैक्स नहीं
कैशलेस लेन-देन को बढ़ावा देने के लिए केंद्र की मोदी सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। अब क्रेडिट या डेबिट कार्ड से 2000 रुपए तक के भुगतान पर कोई सर्विस टैक्स नहीं लगेगा।
सरकार के फैसले के मुताबिक अगर आप अपने डेबिट या क्रेडिट से 2000 रुपए तक की कोई खरीदारी करते हैं या किसी सेवा के बदले भुगतान करते हैं तो इसके लिए अब कोई सर्विस टैक्स नहीं लगेगा।

इंश्योरेंस में ऑनलाइन भुगतान पर 10 प्रतिशत की छूट
वित्त मंत्री अरुण जेटली ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फेंस कर कहा कि सार्वजनिक बीमा कंपनियों से ऑनलाइन पॉलिसी लेने और प्रीमियम चुकाने पर 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
सरकार चाहती है कि लोग ज्यादा से ज्यादा ऑनलाइन बैंकिंग और कार्ड पेमेंट का प्रयोग करें, ताकि नकद लेने-देन की प्रक्रिया को घटाया जा सके। इस फैसले से ऑनलाइन बैंकिंग को बढ़ावा मिलेगा।

टोल प्लाजा पर भी डिजिटल भुगतान में छूट
वित्त मंत्री अरुण जेटली ने ऐलान किया कि राष्ट्रीय राजमार्गो के टोल प्लाजा पर आरएफआईडी कार्ड और फास्ट टैग के जरिए डिजिटल भुगतान करने पर 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
आपको बता दें कि नोटबंदी के फैसले के बाद सभी राष्ट्रीय राजमार्गों को 2 दिसंबर तक टोल टैक्स फ्री कर दिया गया था। इसके बाद टोल प्लाजा पर कैश की किल्लत को देखते हुए और डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने के लिए यह फैसला लिया गया है।

ऑनलाइन रेल टिकट बुकिंग पर 10 लाख रुपए का बीमा
सरकार ने ऐलान किया है कि ऑनलाइन रेल टिकट बुक करने पर 10 लाख रुपए का बीमा मुफ्त दिया जाएगा। यानी अगर आप ऑनलाइन टिकट बुक करते हैं तो आपको सरकार 10 लाख रुपए का बीमा देगी
सरकार के इस फैसले से लोगों में ऑनलाइन भुगतान का रुझान बढ़ेगा। साथ ही रेलवे टिकट काउंटर पर लगने वाली लाइनों में भी कमी आएगी।












Click it and Unblock the Notifications