पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान फिर हिंसा, गोलीबारी और बमबारी की खबर, कई गाड़ियां फूंकी
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण का आज मतदान हो रहा है। देश का आठ राज्यों में 59 सीटों पर हो रहे मतदान में तमाम पार्टियों के दिग्गजों की साख दांव पर लगी है। वहीं पश्चिम बंगाल में पिछले छह चरण की ही तरह इस आखिरी चरण में भी हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं। एक बार फिर से भाजपा और टीएमसी के कार्यकर्ताओं के बीच यहां झड़प देखने को मिली है। जानकारी के अनुसार चुनाव के दौरान भातपारा इलाके में गोलीबारी और बमबारी की गई है। कई गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया गया है। बढ़ती हिंसा और तनाव को देखते हुए यहां अधिक सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है।

जाधवपुर में भाजपा के मंडल अध्यक्ष की गाड़ी पर हमला किया गया। भाजपा सांसद उम्मीदवार अनुपम हादसा ने बताया कि हमने अपने तीन पोलिंग बूथ के कार्यकर्ताओं की जान बचाई है, टीएमसी के गुंडे बूथ संख्या 52 पर रिगिंग कर रहे हैं। लोग वोट देना चाहते हैं लेकिन ये लोग उन्हें वोट नहीं डालने दे रहे हैं। वहीं डायमंड हार्बर से भाजपा उम्मीदवार निलंजन रॉय की गाड़ी पर भी हमला किया गया है।
गौर करने वाली बात यह है कि पिछले छह चरण के चुनाव में भी बंगाल में काफी हिंसक घटनाएं हुई थी। यहां अमित शाह ने कोलकाता में रोड शो किया था, इस दौरान काफी हिंसक झड़प हुई थी। हिंसा के दौरान ईश्वरचंद विद्यासागर की मूर्ति को भी तोड़ दिया गया। जिसके बाद भाजपा और टीएमसी एक दूसरे के उपर इस मूर्ति को तोड़ने का आरोप लगा रही हैं। वहीं भाजपा ने वादा किया है कि चुनाव में जीत के बाद वह यहां पर ईश्वरचंद विद्यासागर की विशाल मूर्ति को स्थापित करवाएंगे।
गौरतलब है कि आज लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के तहत 8 राज्यों की 59 सीटों पर मतदान हो रहा है। जिसमे 9 सीटें पश्चिम बंगाल की भी शामिल हैं। पश्चिम बंगाल की बारासात, बशीरघाट, दमदम, मथुरापुर, डायमंड हार्बर, जाधवपुर, कोलकाता दक्षिण, कोलकाता उत्तर की सीटें शामिल हैं। इन सभी सीटों पर आज मतदान हो रहा है, जिसमे बड़ी संख्या में लोग बढ़चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। बता दें कि चुनाव के नतीजे 23 मई को घोषित किए जाएंगे। दिलचस्प बात यह है कि 2014 के लोकसभा चुनाव में आखिरी चरण में 9 सीटों में से सभी 9 सीटों पर टीएमसी को जीत मिली थी।












Click it and Unblock the Notifications