Odisha Train Accident: मुआवजा पाने के लिए महिला ने रचा पति की झूठी मौत का षडयंत्र, ऐसे हुआ खुलासा
Odisha Train Accident: शातिर महिला ने मुआवजे के 5 लाख रुपए पाने के लिए चौंकाने वाली पति की मौत की झूठी कहानी रची। इतना ही नहीं, फर्जी दस्तावेज भी पेश किए। लेकिन, महिला के झूठ से आखिरकार पर्दा हट गया।

Odisha Train Accident: ओडिशा के बालासोर जिले में हुए ट्रेन दुर्घटना में करीब 275 लोगों की जान चली गई। आजादी के बाद हुए सबसे भीषण रेल हादसे ने कई बच्चों को यतीम तो कई परिवारों को खत्म कर दिया। किसी का पति, बच्चा तो पूरा परिवार मौत की नींद में सो गया। रोजी-रोटी चलाने वाले कई हाथ और परिवार के स्तंभ हादसे का शिकार हुए। परिवारों की आर्थिक स्थिति की गाड़ी को पटरी से उतरने से बचाने के लिए सरकार ने मृतकों के परिवार को 5 लाख रुपए अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया।
खबर है कि इसी राशि को पाने के लिए एक महिला ने अपने पति की मौत का ड्रामा किया। उसने दावा किया कि ओडिशा ट्रेन त्रासदी में उसके पति की भी जान चली गई। इतना ही महिला ने पति को मृत साबित करने के लिए फर्जी दस्तावेज भी पेश किए। मामले से पर्दा तब हटा, जब महिला के पति ने खुद इस संबंध में मणिबंध थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पति ने कहा कि मेरी सलाह है कि ऐसी महिलाओं से दूर रहें।
फर्जी दस्तावेज भी दिखाए
पूरा मामला बडंबा थाना क्षेत्र के मणिबंधा इलाके का है। यहां की रहने वाली गीतांजलि दत्ता ने ओडिशा ट्रेन त्रासदी के पीड़ितों के लिए घोषित अनुग्रह राशि पाने के लिए चालाकी से झूठी मौत का जाल बुना। महिला ने बताया कि उसके पति विजय दत्त की ट्रेन हादसे में मौत हो गई। इसको साबित करने के लिए महिला ने बालासोर में NOCCI क्षेत्र के एक यात्री का फर्जी आधार कार्ड दिखाया। दावा किया कि ट्रेन दुर्घटना में उसके पति की मृत्यु हो गई।
पति ने किया खेल खराब
हालांकि, पुलिस ने सत्यापन के दौरान मुआवजा राशि हड़पने की उसकी कोशिश का पर्दाफाश कर दिया। जांच के दौरान पाया गया कि महिला ने अनुग्रह राशि पाने के लिए फर्जी दस्तावेज पेश किए। पति ने कहा कि मुझे शर्म आती है। मैं सभी को इस तरह की महिलाओं से बचने की सलाह देता हूं। मैंने पुलिस में मामला दर्ज कराया है और मुझे न्याय चाहिए।
मरने वाले के परिवार को 5 लाख रुपए
दरअसल, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने ओडिशा के 39 मृतक व्यक्तियों के परिवारों को अनुग्रह राशि के भुगतान के लिए 1.95 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। सरकार के मुताबिक, प्रत्येक मृतक व्यक्ति के परिजनों को अनुग्रह राशि के रूप में 5 लाख रुपए दिए जाएंगे। यह पैसा मुख्यमंत्री राहत कोष (सीएमआरएफ) से मुहैया कराया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications