शादी में DJ की तेज आवाज से 63 मुर्गियों की मौत! पोल्ट्री फार्म के मालिक ने मांगा मुआवजा
भुवनेश्वर, 24 नवंबर। शादियों का सीजन है और ऐसे में जहां देखो वहां डीजे पर लोग डांस करते नजर आ रहे हैं। डीजे पर चलने वाले गाने की तेज आवाज की वजह से कई लोगों को परेशानी होती है, जिसकी वजह से कई बार पुलिस केस भी हो चुक हैं। हालांकि ये तो आम बात है लेकिन ओडिशा से सामने आई एक खबर ने सभी को सोचने पर मजबूर कर दिया है। लोगों के मन में सवाल उठ रहे हैं कि क्या डीजे की तेज आवाज से मुर्गियों की मौत हो सकती है?

डीजे की तेज आवाज से मुर्गियों की मौत
जी हां, ओडिशा के एक पोल्ट्री फार्म मालिक ने पुलिश में शिकायत करते हुए दावा किया कि डीजे पर तेज आवाज में गाना चलाने की वजह से उसकी 63 मुर्गियों की मौत हो गई। मामला ओडिशा के बालासोर का है जहां पुलिस भी इस मामले को लेकर हैरान है। एक शख्स ने पुलिस के पास शिकायत लेकर पहुंचा कि उसके पड़ोसी ने शादी के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाया जिसकी वजह से उसकी 63 मुर्गियों की मौत हो गई।

मांगा मुआवजा
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक नीलागिरी पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत में कंडागराडी गांव के निवासी और पोल्ट्री फार्म मालिक रंजीत परिदा ने दावा किया कि उनके मुर्गियों की मौत उनके पड़ोसी रामचंद्र परिदा की बारात में डीजे पर तेज आवाज में गाना बजाने से हो गई। रंजीत का दावा है कि डीजे की आवाज से मुर्गियों को दिल का दौरा पड़ा और उन्होंने दम तोड़ दिया। रंजीत ने आरोपी से मुआवजे की मांग की।

लाउड म्यूजिक से पड़ा दिल का दौरा!
रंजीत के मुताबिक रविवार रात करीब 11.30 बजे बारात डीजे बैंड के साथ उनके खेत के सामने से गुजरा। जैसे ही डीजे उनके खेत के पास पहुंचा, मुर्गियां अजीब व्यवहार करने लगीं, कुछ तो उछल-कूद करने लगीं। रंजीत ने कहा कि उसने बार-बार डीजे से आवाज कम करने का अनुरोध किया लेकिन वह 'कान फाड़ने वाला म्यूजिक' बजाता रहा। जिसके चलते उसकी 63 मुर्गियों की मौत हो गई।

डॉक्टर ने बताई मौत की वजह
मुर्गियों के जमीन पर गिरने के बाद बाद मुर्गी फार्म के मालिक ने उन्हें उठाने की कोशिश की लेकिन सभी की मौत हो चुकी थी। फिर उन्होंने एक स्थानीय पशु चिकित्सक से जांच कराई। फार्म के मालिक के मुताबिक डॉक्टर ने कहा कि तेज शोर की वजह से मुर्गियां सदमें में चली गईं और उनकी मौत हो गई। इंजीनियरिंग से ग्रेजुएट 22 वर्षीय रंजीत नौकरी न मिल पाने की सूरत में अपना खुद का पोल्ट्री फार्म शुरू किया था।

2 लाख रुपए का लोन शुरू किया था फार्म
साल 2019 में रंजीत ने नीलागिरी में एक बैंक से 2 लाख रुपए का लोन लेकर अपना बिजनेस शुरू किया था। मुर्गियों की मौत के बाद रंजीत ने पहले पड़ोसी रामचंद्र से मुआवजे की मांग कर मामले को सुलझाने की कोशिश की, लेकिन उसके मना करने पर रंजीत पुलिस के पास पहुंचा। रंजीत ने रामचंद्र के खिलाफ नीलगिरी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया कि लाउड म्यूजिक और आतिशबाजी से पक्षियों की मौत हो गई।

पड़ोसी ने आरोपों का उड़ाया मजाक
बालासोर पुलिस एसपी सुधांशु मिश्रा ने बताया कि इस संबंध में नीलगिरी थाने को शिकायत मिली है। 'आरोपों की जांच की जा रही है, हालांकि पुलिस थाने में दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामले को सुलझा लिया है। इस बीच पड़ोसी रामचंद्र परिदा ने आरोपों का मजाक उड़ाते हुए कहा, रोजाना सड़क पर ले जाते समय लाखों मुर्गियों को गाड़ियों के हॉर्न से कुछ नहीं होता, तो यह कैसे संभव है कि डीजे म्यूजिक के चलते मुर्गियों की मौत हो गई। रामचंद्र ने दावा किया की जब रंजीत ने उनसे अनुरोध किया तो डीजे का साउंड कम कर दिया गया था।
यह भी पढ़ें: Viral Video:अंडे-चूजे खाने के लिए पिंजरे में घुस आया था काला सांप, मुर्गी ने उसके साथ क्या किया, देखिए












Click it and Unblock the Notifications