Odisha News: पूर्व सीएम नवीन पटनायक का BJP पर हमला, ‘इनका नारा जय किसान नहीं, भगाओ किसान है'
Odisha News: ओडिशा के पूर्व सीएम नवीन पटनायक एक बार फिर अपनी पार्टी के लिए राजनीतिक जमीन तलाशने में जुटे हैं। इसी साल जून में प्रदेश में निकाय चुनाव होने वाले हैं और उन्होंने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। प्रदेश में खाद संकट और किसानों की समस्या को लेकर बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बीजेपी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि डबल इंजर की सरकार फेल हो चुकी है।
पूर्व सीएम ने कहा कि चुनाव से पहले बड़े वादे किए गए थे। किसानों की हालत आज खराब है, उन्हें समय पर खाद नहीं मिल रहा है। यह सरकार जय किसान की बात नहीं कहती है, बल्कि इनका मिशन तो किसानों को भगाने का है।

Odisha News: पूर्व सीएम ने बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप
पूर्व सीएम और बीजेडी प्रमुख ने कहा, 'चुनाव के दौरान इन्होंने (भाजपा सरकार ने) बड़े-बड़े दावे और वादे किए थे, लेकिन अब तक कुछ भी पूरा नहीं हुआ। किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है। सरकार धान की खरीद नहीं कर रही है। ये लोग प्रचार-प्रसार पर करोड़ों रुपये खर्च कर रहे हैं, लेकिन किसानों के लिए पैसे नहीं हैं। इन्होंने 'जय किसान' के नारे लगाए थे, लेकिन हकीकत में इनके लिए यह 'भगाओ किसान' जैसा है।'
Naveen Patnaik पार्टी को मजबूत करने में जुटे
ओडिशा विधानसभा में मिली करारी हार के बाद बीजेडी प्रमुख नवीन पटनायक पार्टी को मजबूत करने में जुटे हैं। कुछ समय पहले भी उन्होंने प्रदेश की बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा था कि डबल इंजन की सरकार फेल हो चुकी है। पुरी में नाबालिग के रेप के बाद हुई मौत की घटना पर भी उन्होंने बीजेपी सरकार पर हमला बोला था। पटनायक महिलाओं के साथ होने वाले अपराध, किसानों की समस्या और रोजगार जैसे मुद्दे उठा रहे हैं। हालांकि, उनकी उम्र और स्वास्थ्य को देखते हुए उनकी सक्रियता काफी हद तक सीमित ही रहती है।












Click it and Unblock the Notifications