देश में ओमिक्रॉन से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर हुई 200, सबसे ज्यादा केस महाराष्ट्र-दिल्ली में
कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन से संक्रमित मरीजों की संख्या देश में अब 200 तक पहुंच गई है।
नई दिल्ली, 21 दिसंबर: दुनिया के करीब 90 देशों में फैल चुके कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वेरिएंट का खतरा अब भारत में भी बढ़ने लगा है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने मंगलवार को बयान जारी करते हुए बताया कि देश में ओमिक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 200 हो गई है। हालांकि राहत की बात यह है कि इन 200 मरीजों में से 77 मरीज अभी तक ठीक होकर अपने घर लौट चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि ओमिक्रॉन वेरिएंट के सबसे ज्यादा मामले दो राज्यों- महाराष्ट्र और दिल्ली में मिले हैं।

Recommended Video
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, अभी तक देश के 12 राज्यों में ओमिक्रॉन से संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें से महाराष्ट्र और दिल्ली में मिले मरीजों की संख्या सबसे ज्यादा 54-54 है। इनके अलावा तेलंगाना में 20, कर्नाटक में 19, राजस्थान में 18, केरल में 15 और गुजरात में ओमिक्रॉन वेरिएंट के 14 मामले सामने आए। वहीं, यूपी में इस नए वेरिएंट के दो केस मिल चुके हैं। आंध्र प्रदेश, चंडीगढ़, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में ओमिक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित मरीजों की संख्या 1-1 है।
भारत में ज्यादातर मरीज बिना लक्षणों वाले
आपको बता दें कि आधिकारिक तौर पर कोरोना वायरस के इस नए वेरिएंट की पहचान सबसे पहले दक्षिण अफ्रीका में हुई, जिसके बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इसे ओमिक्रॉन नाम दिया। हालांकि सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि भारत में मिले ओमिक्रॉन के मरीजों में से ज्यादातर मरीज बिना लक्षणों वाले या बेहद कम हल्के लक्षणों वाले हैं।
देश में 58 फीसदी लोग ले चुके हैं वैक्सीन की दोनों डोज
वहीं, सोमवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने राज्यसभा में कोरोना वायरस के हालात पर बयान देते हुए कहा कि देश इस वेरिएंट से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि देश में अभी तक 88 फीसदी लोगों को कोरोना वायरस वैक्सीन की पहली डोज और 58 फीसदी लोगों को दोनों डोज लग चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications