यस बैंक ने ग्राहकों को दी बड़ी राहत, खाताधारक किसी भी ATM से निकल सकते हैं पैसे
नई दिल्ली। वित्तीय संकट झेल रहे निजी क्षेत्र के यस बैंक के हजारों उपभोक्ताओं के लिए एक राहत भरी खबर है। यस बैंक ने अपने खाताधारकों को बड़ी राहत देते हुए उन्हें किसी भी बैंक के एटीएम से पैसा निकालने की इजाजत दे दी है। बता दें कि, बैंक का आर्थिक संकट सामने आने के बाद से लोग अपने पैसे को लेकर काफी परेशानी का सामना कर रहे हैं। यस बैंक से 50 हजार रुपए निकालने की लिमिट तय होने के बाद शनिवार को बैंक की शाखाओं और इसके एटीएम के बाहर ग्राहकों की लंबी कतारें नजर आईं।
Recommended Video

किसी भी ATM से पैसा निकाल सकते हैं खाताधारक
यस बैंक ने शनिवार देर शाम अपने अधिकारी ट्विटर अकाउंट के ट्वीट कर जानकारी दी कि, अब आप यस बैंक के डेबिट कार्ड से यस बैंक और किसी अन्य बैंक के एटीएम से पैसों की निकासी कर सकते हैं। आपके धैर्य के लिए धन्यवाद! बैंक ने अपने इस ट्वीट में आरबीआई और वित्त मंत्री को टैग किया है। बता दें कि, आर्थिक संकट से जूझ रहे YES बैंक ने इससे पहले यह सुविधा अपने खाताधारकों से वापस ले ली थी।
बैंक ने तय की 50 हजार की लिमिट
बता दें भारतीय रिजर्व बैंक ने नकदी संकट से जूझ रहे निजी क्षेत्र के यस बैंक को लेकर गुरुवार को बड़ा फैसला लिया। बैंक के ग्राहकों के लिए 50,000 रुपये की निकासी सीमा तय की है। यह व्यवस्था 30 दिन के लिए की गई है। इस फैसले के बाद बैंक की विभिन्न शाखाओं में परेशान ग्राहकों की लाइन लग गई है। उधर नोएडा-गाजियाबाद समेत राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में यस बैंक के सभी एटीएम बंद कर दिए थे। यहां तक दूसरे बैंकों के एटीएम पर भी यस बैंक के ग्राहक अपने पैसे नहीं निकाल पाए।

इसलिए काम नहीं कर रहे थे यस बैंक के एटीएम कार्ड
यस बैंक के एटीएम बंद किए जाने को लेकर एक अधिकारियों ने बताया था कि ऐसा तकनीकी वजहों से किया गया है। दरअसल, आरबीआई ने यस बैंक ग्राहकों के लिए निकासी की सीमा 50 हजार रुपये तय की है। हालांकि, यस बैंक के एटीएम में इससे संबंधित सॉफ्टवेयर नहीं लगाए गए हैं, जिसकी वजह से ग्राहक ज्यादा पैसे एटीएम से निकाल सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए बैंक की ओर से एटीएम बंद करने का फैसला लिया गया था। अधिकारियों ने बताया है कि ग्राहक किसी भी एटीएम से जाकर 50 हजार तक रुपए निकल सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications