केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी बोले- जो घर नहीं संभाल सकता, वो देश भी नहीं संभाल सकता
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी पिछले कुछ समय से लगातार ऐसे बयान दे रहे हैं, जिसे पार्टी से ज्यादा विपक्षी दल पसंद कर रहे हैं। एक बार फिर से उन्होंने कुछ ऐसा कहा है जो चौंकाने वाला है। नितिन गडकरी ने एक बयान में कहा है कि पार्टी कार्यकर्ताओं को अपनी घरेलू जिम्मेदारियों को पहले पूरा करना चाहिए क्योंकि जो लोग ऐसा नहीं कर सकते, वो देश भी नहीं संभाल सकते हैं। गडकरी ने शनिवार को नागपुर में बीजेपी की छात्र इकाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के पूर्व कार्यकर्ताओं की एक सभा को संबोधित करते हुए ये बातें कही हैं।

एबीवीपी के पूर्व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, "मैं ऐसे कई लोगों से मिला हूं जिन्होंने कहा कि हम बीजेपी के लिए, देश के लिए अपना जीवन समर्पित करना चाहते हैं। ऐसे ही एक व्यक्ति से मैंने पूछा कि आप क्या करते हैं और आपके परिवार में और कौन लोग हैं। उन्होंने कहा कि मैंने अपनी दुकान बंद कर दी है क्योंकि वह ठीक से नहीं चल रही थी... मेरे घर में पत्नी और बच्चे हैं।"
गडकरी बोले- पहले अपने घर को संभालिए
गडकरी ने आगे कहा, "उनकी बात सुनने के बाद मैंने उनसे कहा कि पहले आप अपने घर का ख्याल रखें, क्योंकि जो अपने घर का प्रबंधन नहीं कर सकता, वह देश का प्रबंधन नहीं कर सकता। इसलिए पहले अपने घर को संभालिए और अपने बच्चों की देखभाल ठीक से करें, फिर पार्टी और देश के लिए काम करें।"

नागपुर में कार्यक्रम के दौरान बोले गडकरी
ये कोई पहली बार नहीं जब नितिन गडकरी ने इस तरह का बयान दिया हो। कुछ समय पहले ही महाराष्ट्र में एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा था कि सपने दिखाने वाले नेता लोगों को पसंद आते हैं, लेकिन दिखाए हुए सपने अगर पूरे नहीं होते हैं तो जनता उनकी पिटाई भी करती है, इसलिए वही सपने दिखाने चाहिए जो पूरे हो सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications