अजित पवार बोले- मैं आज नहीं लूंगा शपथ, डिप्टी सीएम के मुद्दे कही ये बड़ी बात
मुंबई। महाराष्ट्र में शिवसेना-एनसीपी और कांग्रेस गठबंधन की सरकार के शपथ ग्रहण को लेकर तैयारियां जोर-शोर चल रही है। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे आज शाम प्रदेश के नए मुख्यमंत्री पद के तौर पर शपथ ग्रहण करेंगे। मुंबई के ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह है, जिसको लेकर बड़े स्तर पर आयोजन किया जा रहा है। हालांकि, इस शपथ समारोह से पहले प्रदेश के उपमुख्यमंत्री को लेकर सस्पेंस गहरा गया है। ये तो साफ है कि डिप्टी सीएम एनसीपी का होगा लेकिन नाम को लेकर अभी पार्टी में एक राय नहीं हो सकी है। यही वजह है कि आज उद्धव ठाकरे के साथ तीनों दलों के दो-दो मंत्री शपथ लेंगे। दूसरी ओर डिप्टी सीएम को लेकर एनसीपी नेता अजित पवार का नाम भी चर्चा में है लेकिन जब उनसे इस मुद्दे पर सवाल किया गया तो उन्होंने इस पर स्पष्ट तौर से कुछ भी नहीं कहा।

अजित पवार बोले- डिप्टी सीएम पर अभी फैसला नहीं
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, अजित पवार एनसीपी की तरफ से डिप्टी सीएम बन सकते हैं, लेकिन वे आज शपथ नहीं लेंगे। इस मुद्दे पर गुरुवार को जब एनसीपी नेता अजित पवार से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि मैं आज शपथ नहीं ले रहा हूं। आज शिवसेना, एनसीपी, कांग्रेस के दो-दो मंत्री यानी 6 मंत्री शपथ लेंगे। डिप्टी सीएम के मुद्दे पर एनसीपी ने अभी कोई फैसला नहीं लिया है।
अजित बोले- मैं आज नहीं लूंगा शपथ
बता दें कि इस बयान से कुछ देर पहले ही अजित पवार ने एनसीपी चीफ शरद पवार के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की थी। इस दौरान एनसीपी के दिग्गज नेता छगन भुजबल और जयंत पाटिल भी मौजूद थे। वहीं एनसीपी के दिग्गज नेता जयंत पाटिल ने कहा कि मैं नई सरकार में मंत्री बनने जा रहा हूं। हालांकि, जैसे ही पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या वह उप-मुख्यमंत्री बनेंगे तो जयंत पाटिल ने कहा, 'यह अभी तय नहीं किया गया है और इसके बारे में मुझे नहीं पता है।'

जयंत पाटिल बोले- मैं मंत्री पद की शपथ लेने जा रहा हूं
वहीं आज होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस-एनसीपी और शिवसेना के कुल 6 नेता मंत्री पद की शपथ लेंगे। तीनों दलों के दो-दो नेता आज के शपथ ग्रहण समारोह में मंत्रीपद की शपथ लेंगे। जानकारी के मुताबिक, शिवसेना की ओर से संजय देसाई और एकनाथ शिंदे मंत्री बनेंगे। एनसीपी की ओर से जयंत पाटिल और छगन भुजबल शपथ ग्रहण करेंगे।

शपथ से पहले कांग्रेस के इस नेता का नाम मंत्री पद की लिस्ट से हटा
हालांकि, कांग्रेस की तरफ से जो दो नाम मंत्री के तौर पर सामने आ रहे थे, उनमें आखिरी समय में बड़ा बदलाव किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस की तरफ से शपथ लेने वालों में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण और बालासाहेब थोराट का नाम शामिल था, लेकिन अब अशोक चव्हाण शपथ नहीं लेंगे। उनकी जगह दलित नेता नितिन राउत का नाम सामने आ रहा है, यानी अब बालासाहेब थोराट के साथ नितिन राउत मंत्रीपद की शपथ लेंगे।
इसे भी पढ़ें:- महाराष्ट्र: शरद पवार किसे देंगे डिप्टी सीएम का पद, दगा देने वाले अजित पवार को या समर्पित नेता जयंत पाटिल को?












Click it and Unblock the Notifications