पीएम उम्मीदवार बनने के बाद आज पूर्व फौजियों के बीच गरजेंगे मोदी
चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद प्रत्याशी घोषित होने के बाद गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी आज हरियाणा के रेवाड़ी में पहली सभा करेंगे। इस जिले में बड़ी तादाद में पूर्व सैनिक रहते हैं। भाजपा ने शुक्रवार को मोदी को अगले वर्ष 2014 में होने जा रहे लोकसभा चुनाव के लिए अपना प्रधानमंत्री पद प्रत्याशी मनोनीत किया है। भाजपा नेताओं ने कहा कि पूर्व सैनिकों की इस सभा को थल सेना के पूर्व प्रमुख जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह भी संबोधित करेंगे।
भाजपा नेताओं ने कहा कि मोदी राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले और सेवानिवृत्ति के बाद नौकरी पाने में होने वाली मुश्किलों सहित पूर्व सैनिकों से जुड़े मुद्दों पर बोलेंगे। गुजरात के मुख्यमंत्री की रैली से एक दिन पहले कुछ अज्ञात लोगों ने मोदी के पोस्टरों पर कालिख पोत दी है और कांग्रेस के एक मंत्री ने सभा करने के लिए उनकी (मोदी की) आलोचना की है। राज्य के ऊर्जा मंत्री अजय सिंह यादव ने शनिवार को मोदी की सभा की आलोचना की है और गुजरात सरकार के लोककल्याण और विकासगाथा की आलोचना की है।

मोदी की सभा को 'लोगों को गुमराह करने और सैनिकों और स्वतंत्रता सेनानियों के स्वाभिमान को नजरअंदाज करने' का प्रयास करार देते हुए यादव ने मोदी को गुजरात में हरियाणा की नवीन योजनाओं को लागू करने की सलाह दी। पूर्व थल सेना प्रमुख जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह के मोदी की सभा में शामिल होने की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications