निधन से ठीक 8 दिन पहले नाना पाटेकर ने अपने दोस्त IAS तुकाराम को किया था फोन, क्या बोलकर काटी थी कॉल?

IAS Tukaram Mundhe Emotional Post on Nana Patekar Demise: कभी-कभी किसी अपने के साथ हुई छोटी सी बातचीत जिंदगीभर की याद बन जाती है। उस समय हमें अंदाजा भी नहीं होता कि सामने वाले से दोबारा बात करने का मौका मिलेगा या नहीं। ऐसा ही कुछ महाराष्ट्र के एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के साथ हुआ है।

उन्होंने कुछ दिन पहले अपने एक बेहद करीबी दोस्त से फोन पर बात की थी। बातचीत हमेशा की तरह प्यार और अपनेपन से भरी थी। फोन रखने से पहले दोस्त ने कुछ ऐसे शब्द कहे, जो अब अधिकारी के दिल में हमेशा के लिए बस गए हैं। दरअसल, यह किस्सा दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर और आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे से जुड़ा है। नाना के निधन के बाद मुंढे ने उनकी आखिरी बातचीत को याद करते हुए भावुक पोस्ट साझा की है।

IAS Tukaram Mundhe Nana Patekar

'लव यू बाला' कहकर रखा था फोन

महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के आयुक्त और आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे ने नाना पाटेकर के निधन पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर बताया कि महज आठ दिन पहले उनकी नाना से फोन पर बातचीत हुई थी।

ये भी पढ़ें: बिना किसी डर के नंगे हाथों से पकड़ लिया सांप! निधन के बाद वायरल हुई नाना पाटेकर की तस्वीर

बातचीत खत्म करते समय नाना ने बड़े प्यार से कहा था, 'लव यू, बाला'। मुंढे के मुताबिक, उस समय उन्हें बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि वह नाना की आवाज आखिरी बार सुन रहे हैं। उन्होंने कहा कि नाना के ये शब्द अब जीवनभर उनके साथ रहेंगे। जब भी उन्हें अपने दोस्त की याद आएगी, यह आखिरी बातचीत उनके दिल में ताजा हो जाएगी।

'सिर्फ कलाकार नहीं, एक अच्छा इंसान खो दिया'

तुकाराम मुंढे ने अपनी पोस्ट में नाना पाटेकर के साथ अपने रिश्ते का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि नाना अब इस दुनिया में नहीं हैं और उनके जाने से उन्होंने सिर्फ एक बेहतरीन कलाकार ही नहीं, बल्कि एक शानदार इंसान और अपना बेहद करीबी दोस्त खो दिया है।

मुंढे ने नाना को प्यार करने वाला, साफ बोलने वाला और दूसरों का ख्याल रखने वाला इंसान बताया। उनके मुताबिक, नाना के व्यवहार में ऐसा अपनापन था, जो उनसे मिलने वाले हर व्यक्ति के दिल को छू जाता था।
उन्होंने आगे लिखा कि कुछ लोग दुनिया से चले जाने के बाद केवल यादें छोड़ जाते हैं, जबकि कुछ लोग हमारी जिंदगी में अपनी ऐसी जगह बना लेते हैं, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। नाना उन्हीं लोगों में से एक थे।

अंतिम संस्कार में भावुक हुए तुकाराम मुंढे

नाना पाटेकर के निधन की खबर मिलते ही तुकाराम मुंढे ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वह अपने करीबी दोस्त को आखिरी विदाई देने पुणे पहुंचे। 8 अक्टूबर की रात पुणे के डोणजे गांव में नाना पाटेकर का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान तुकाराम मुंढे भी मौजूद थे। अपने दोस्त को अंतिम विदाई देते समय वह काफी भावुक नजर आए।

अंतिम संस्कार में महाराष्ट्र के कई नेता, नाना के परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और बड़ी संख्या में उनके प्रशंसक पहुंचे थे। हर कोई अपने पसंदीदा अभिनेता को आखिरी बार देखना चाहता था।

गोवा में पड़ा था दिल का दौरा

75 वर्षीय नाना पाटेकर का निधन 8 अक्टूबर 2026 की सुबह गोवा में हुआ। जानकारी के मुताबिक, वह गोवा के डोना पाउला इलाके में स्थित अपने घर पर थे, जहां उन्हें दिल का दौरा पड़ा। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें तुरंत मणिपाल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

नाना के अचानक निधन की खबर सामने आते ही हिंदी और मराठी फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई। उनके प्रशंसकों के लिए भी इस खबर पर विश्वास करना मुश्किल था।

एयर एंबुलेंस से पुणे लाया गया पार्थिव शरीर

नाना पाटेकर के निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को गोवा से एयर एंबुलेंस के जरिए पुणे एयरपोर्ट लाया गया। वहां से पार्थिव शरीर को पुणे के डोणजे गांव ले जाया गया, जहां रात में अंतिम संस्कार की रस्में पूरी की गईं।

नाना पाटेकर ने अपने लंबे फिल्मी करियर में हिंदी और मराठी सिनेमा को कई यादगार किरदार दिए। वह अपने दमदार अभिनय, अलग अंदाज में संवाद बोलने और बेबाक स्वभाव के लिए जाने जाते थे। पर्दे पर उनकी पहचान एक सख्त और गंभीर कलाकार की थी, लेकिन तुकाराम मुंढे की भावुक पोस्ट ने उनके निजी जीवन का प्यार भरा पहलू भी सामने रखा है।

ये भी पढ़ें: करोड़ों की जायदाद, आलिशान फार्महॉउस फिर एक कमरे के मकान में क्यों रहते थे नाना पाटेकर? छोड़ गए कितनी संपत्ति?

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+