बिना किसी डर के नंगे हाथों से पकड़ लिया सांप! निधन के बाद वायरल हुई नाना पाटेकर की तस्वीर
Nana Patekar Unseen Photo: नाना पाटेकर पर्दे पर जितने बेबाक और सख्त दिखाई देते थे, निजी जिंदगी में उनका अंदाज उतना ही सहज और जमीन से जुड़ा था। उनके निधन के बाद अब उनसे जुड़े कई ऐसे किस्से और यादें सामने आ रही हैं, जो उनकी जिंदगी के दूसरे पहलू से लोगों को रूबरू करा रही हैं। कोई उनके साथ बिताए वक्त को याद कर रहा है तो कोई उनसे हुई छोटी-सी बातचीत साझा कर रहा है।
इसी बीच पत्रकार सौरभ द्विवेदी ने भी नाना से जुड़ी एक बेहद निजी याद लोगों के साथ शेयर की है। बीते दो साल में मिले उनके स्नेह को याद करते हुए सौरभ ने कुछ शब्द लिखे और साथ में एक पुरानी बातचीत की झलक दिखाई। इसमें नाना का ऐसा बेफिक्र अंदाज नजर आता है, जिसे देखकर सौरभ भी उस वक्त हैरान रह गए थे।

हाथ में सांप लेकर भेजी थी तस्वीर
सौरभ द्विवेदी ने नाना पाटेकर के साथ हुई अपनी WhatsApp चैट का स्क्रीनशॉट शेयर किया है। इसमें नाना कुर्ता-पायजामा पहने हुए हाथ में एक सांप पकड़े नजर आ रहे हैं। उनके पीछे एक अन्य शख्स भी दिखाई दे रहा है।
इस तस्वीर के साथ नाना ने सौरभ को मैसेज किया था, "घर में निकला आज"। इसके ठीक बाद उन्होंने एक और मैसेज भेजा और लिखा, "जहरीला नहीं था शायद"। तस्वीर में खास बात नाना का अंदाज है। वह सांप को लेकर घबराए हुए नहीं, बल्कि बेहद सहज दिखाई दे रहे हैं।

ये भी पढ़ें: सिर्फ रील नहीं रियल लाइफ में भी फौजी थे नाना पाटेकर! कारगिल युद्ध में 60 दिन बॉर्डर पर दिखाई पाकिस्तान को औकात
सौरभ भी रह गए थे हैरान
नाना की तस्वीर देखने के बाद सौरभ द्विवेदी ने जवाब में लिखा था, "कमाल है"। इसके बाद उन्होंने नाना से कहा, "कैसे सहज ढंग से पकड़ लिया आपने"। कुछ लाइनों की यह छोटी सी बातचीत उस समय शायद सामान्य रही होगी, लेकिन नाना के निधन के बाद अब यही चैट उनके सहज स्वभाव की एक खास याद बन गई है।

इस WhatsApp चैट को शेयर करते हुए सौरभ द्विवेदी ने नाना पाटेकर को याद करते हुए लिखा, "नाना पाटेकर. देहाती आत्मा. खुली खुली. बीते दो बरस उनका वात्सल्य मिला. सादर नमन." उनके इन शब्दों से पता चलता है कि बीते दो वर्षों के दौरान उनका नाना पाटेकर के साथ निजी जुड़ाव रहा और उन्हें नाना का स्नेह मिला।
सामने आया नाना का अलग अंदाज
फिल्मों में नाना पाटेकर को दर्शकों ने अक्सर गुस्सैल, गंभीर और बेबाक किरदारों में देखा। वहीं सौरभ की ओर से शेयर की गई यह निजी बातचीत उनके एक अलग ही अंदाज की झलक देती है। नाना पाटेकर का गुरुवार, 8 अक्टूबर 2026 को 75 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके जाने के बाद उनसे जुड़े लोग अपनी पुरानी तस्वीरें, मुलाकातें और यादें साझा कर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इसी कड़ी में सामने आई सौरभ द्विवेदी की यह पोस्ट अब चर्चा में है।
ये भी पढ़ें: Nana Patekar Last Film: कौन सी है नाना पाटेकर की आखिरी फिल्म? किस रोल में लास्ट टाइम आए नजर?


Click it and Unblock the Notifications
