तेज प्रताप यादव ने नई पार्टी ज्वाइन करने की खबरों को बताया अफवाह, कहा- RJD मेरी पार्टी थी और रहेगी
पटना। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने उन मीडिया रिपोर्ट्स को खारिज किया है जिसमें कहा गया था कि तेज प्रताप यादव नई राजनीतिक पार्टी ज्वाइन कर सकते हैं। तेज प्रताप यादव ने ट्वीट करके बताया, "मीडिया और सोशल मीडिया पे चल रही खबर की मैंने नई राजनैतिक पार्टी का सदस्यता ग्रहण किया है, ये एक अफवाह है। मैं इस खबर का पूर्ण रूप से खंडन करता हूं। मेरी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल है, थी और रहेगी।"

बगावती तेवर के बाद तेज प्रताप का बदला अंदाज
दरअसल, पिछले कुछ समय से तेज प्रताप यादव ने अपनी ही पार्टी आरजेडी के खिलाफ बगावती तेवर अख्तियार कर रखा था। उन्होंने खुद कहा था कि अगर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता उनकी मांगों पर गौर नहीं करेंगे तो वो पार्टी से अलग हो जाएंगे। यहीं नहीं, उन्होंने अपने समर्थकों के साथ आरजेडी से अलग 'लालू-राबड़ी मोर्चा' बनाने का ऐलान भी किया था। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने ससुर चंद्रिका रॉय के खिलाफ भी मोर्चा खोल दिया था। हालांकि अब जिस तरह से तेज प्रताप यादव ने ये ट्वीट किया है, इससे उन अटकलों पर विराम लग गया कि तेज प्रताप किसी नई पार्टी से जुड़ सकते हैं।
तेज प्रताप बोले- मेरी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल है, थी और रहेगी
तेज प्रताप यादव ने शनिवार को ट्वीट करके स्पष्ट कर दिया कि उन्होंने आरजेडी से इस्तीफा नहीं दिया है और न ही उन्होंने किसी अन्य राजनीतिक पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। तेज प्रताप ने ट्वीट में लिखा, "मीडिया और सोशल मीडिया पे चल रही खबर की मैंने नई राजनैतिक पार्टी का सदस्यता ग्रहण किया है, ये एक अफवाह है। मैं इस खबर का पूर्ण रूप से खंडन करता हूँ। मेरी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल है, थी और रहेगी।"

तेज प्रताप ने पहले किया था 'लालू-राबड़ी मोर्चा' बनाने का ऐलान
जिस तरह से बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री रह चुके तेज प्रताप यादव ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ये ट्वीट किया, उससे ये लग रहा कि आरजेडी में अब सबकुछ ठीक हो गया है। खास तौर से आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर तेज प्रताप यादव के इस ऐलान से पार्टी ने राहत की सांस जरूर ली होगी। बता दें कि इस बार आरजेडी, कांग्रेस, आरएलएसपी, HAM समेत कई दलों के साथ महागठबंधन में लोकसभा चुनाव लड़ रही है।
लोकसभा चुनाव से संबंधित विस्तृत कवरेज पढ़ने के लिए क्लिक करें












Click it and Unblock the Notifications