अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट कब तक पूरा होगा, रेलमंत्री ने लोकसभा में क्या बताया?
India First Bullet Train Project: देश को बुलेट ट्रेन की सौगात कब मिलेगी? कब हम अहमदाबाद से मुंबई के बीच बुलेट ट्रेन में सफर कर सकेंगे? बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के किस हिस्से में कितना कार्य पूर्ण हुआ है? इन सवालों के जवाब रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में 23 जुलाई 2025 को दिए हैं।
जापान के तकनीकी और वित्तीय सहयोग से क्रियान्वित किए जा रहे बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में पूरे कॉरिडोर की कुल लंबाई 508 किलोमीटर है। प्रोजेक्ट के 28 पैकेजों में से 24 के कॉन्ट्रेक्ट दिए जा चुके हैं। शेष भी जल्द ही दिए जाएंगे।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में 392 किलोमीटर पियर निर्माण हो चुका है। गर्डर यूनिट्स की लंबाई 329 किलोमीटर और 308 किलोमीटर गर्डर लॉचिंग पूरी हो चुकी है। समुद्र में 21 किलोमीटर लंबी सुरंग बनाने का काम भी शुरू हो गया है। इसके अलावा वापी से साबरमती तक (गुजरात खंड) का कार्य दिसंबर 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है। मुंबई से साबरमती तक का पूरा प्रोजेक्ट दिसंबर 2029 पूरा होने का लक्ष्य है।
भारत की पहली बुलेट ट्रेन: मुंबई से अहमदाबाद
वेबसाइट nhsrcl.in के अनुसार 508 किमी लंबे मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर पर चलने वाली बुलेट ट्रेन 320 किमी/घंटा की रफ्तार से सिर्फ 2 घंटे 7 मिनट में सफर तय करेगी। यह ट्रेन मुंबई, वडोदरा, सूरत और अहमदाबाद समेत 12 स्टेशनों को जोड़ेगी। इसका उद्देश्य तेज, सुरक्षित और आधुनिक इंटरसिटी यात्रा को साकार करना है।
बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट की लागत
इस प्रोजेक्ट की कुल लागत ₹1.08 लाख करोड़ है, जिसमें 81% राशि जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) दे रही है। जापानी तकनीक से पहली बार भारत में J-Slab ट्रैक, अंडरसी टनल और Full Span Launching Method जैसे उन्नत निर्माण तरीकों का उपयोग हो रहा है। यह मेक इन इंडिया को भी बढ़ावा दे रहा है।
भविष्य के रेलवे स्टेशन और मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी
MAHSR कॉरिडोर के सभी 12 स्टेशन आधुनिक वास्तुशिल्प और शहर की पहचान से प्रेरित डिजाइन में बनाए जा रहे हैं। ये स्टेशन मेट्रो, बस, टैक्सी और ऑटो से जुड़े मल्टी-मोडल ट्रांजिट हब होंगे। स्टेशन के आसपास TOD नीति के तहत विकास किया जाएगा जिससे क्षेत्र में रोजगार और सुविधाएं बढ़ेंगी।

बुलेट ट्रेन स्टेशन कहां-कहां होंगे?
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन के 12 स्टेशन होंगे। बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC), ठाणे, विरार, बोइसर, वापी, बिलिमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आनंद, अहमदाबाद और साबरमती। इनमें से सूरत, वडोदरा और अहमदाबाद पर लिमिटेड स्टॉप ट्रेन भी रुकेगी, जिससे पूरा सफर सिर्फ 2 घंटे 7 मिनट में तय होगा।












Click it and Unblock the Notifications