Panchayat chunav: 68 % मतदान, 17,829 प्रत्याशियों की किस्मत का होगा फैसला, महिला-प्रवासी वोटर होंगे निर्णायक
Panchayat election 2025: उत्तराखंड में पंचायत चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न हो गया। देर शाम तक कई बूथों में वोटिंग होती रही। इस दौरान कुल 68 फीसदी मतदान हुआ। जिसमें 63 फीसदी पुरुष और 73 फीसदी महिला मतदाताओं ने मतदान किया।
साफ है कि एक बार फिर आधी आबादी ही गांव की सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाएगी। मतदान प्रतिशत में उत्तरकाशी टॉप पर जबकि अल्मोड़ा में सबसे कम वोटिंग हुई।पहले चरण में 17,829 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में कैद हो गया।

बृहस्पतिवार को उत्तराखंड के 49 विकासखंडों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में 68% मतदान हुआ। जो कि आठ बजे से शुरू होकर देर शाम तक चलता रहा। मतदान हर जगह शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ। लोकतंत्र के पर्व की कई जगह से खूबसूरत तस्वीरें सामने आई।दूसरे शहरों से भी गांव में आकर वोट डालने वालों की संख्या काफी अच्छी रही। ऐसे में प्रवासी वोटर भी गांव की सरकार चुनने में अहम भूमिका निभाएंगे।
सबसे उम्रदराज वोटर से लेकर युवा वोटरों ने भी उत्साह से वोट दिया। उत्तरकाशी समेत पहाड़ के कई इलाकों में बारिश में ही वोटिंग हुई। जिसमें वोटर छाता लेकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, रेखा आर्य समेत कई विधायकों और अधिकारियों ने भी अपने गांव की सरकार के लिए वोट दिया। 28 जुलाई को अब दूसरे चरण के लिए मतदान होना है। इसमें प्रदेश के 12 जिलों के 40 विकासखंड शामिल होंगे। सारे परिणाम एक साथ 31 जुलाई को घोषित किए जाएंगे।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत देहरादून में पहले चरण का मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। पहले चरण में देहरादून के विकासखंड चकराता, कालसी और विकास नगर में 78.49 प्रतिशत मतदान हुआ। पंचायत चुनाव को लेकर मतदाताओं को खासा उत्साह दिखा। सुबह से शाम तक बूथों पर लंबी कतार देखने को मिली। बुजुर्ग, दिव्यांग और महिला मतदाताओं के साथ ही पहली बार वोट देने पहुंचे युवा मतदाता भी अपना वोट डालने को उत्साहित नजर आए।
विकासखंड चकराता में 20831 महिला, 25042 पुरुष ने मतदान किया। चकराता में कुल 76.60 प्रतिशत मतदान हुआ। वही विकासखंड कालसी में 21651 महिला, 24455 पुरुष ने मतदान किया और 74.68 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि विकासनगर में 52926 महिला, 53165 पुरुष एवं 02अन्य ने मतदान किया। विकासनगर में 81.16 प्रतिशत मतदान हुआ।
शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के बाद पोलिंग पार्टियों की वापसी जारी है। पोलिंग पार्टियों द्वारा स्ट्रांग रूम में मत पेटियां और चुनाव सामग्री जमा की जा रही है। मत पेटियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्ट्रांग रूम में सील किया जा रहा है। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी सहित कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। दूसरे चरण का मतदान 28 जुलाई को होगा। सभी विकास खंडों की मतगणना 31 जुलाई को संपन्न की जाएगी
मतदान-
- उत्तरकाशी -82.00%
- पौड़ी -59.50%
- रुद्रप्रयाग -57.31%
- टिहरी -59.71%
- देहरादून- 78.49%
- चमोली- 62.17%
- चंपावत -65.59%
- नैनीताल -70.43%
- अल्मोड़ा -59.11%
- बागेश्वर -63.11%
- यूएसनगर -81.27%
- पिथौरागढ़- 64.00%












Click it and Unblock the Notifications