मैसूर भूमि घोटाले में बढ़ी सीएम सिद्धारमैया की मुश्किलें, अब लोकायुक्त ने पूछताछ के लिए बुलाया
MUDA Scam: मैसूर भूमि घोटाले मामले में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। अब इस मामले में लोकायुक्त ने सिद्धारमैया को बुधवार को पूछताछ के लिए बुलाया है। वहीं, इस मामले में उनकी पत्नी पार्वती बीएम से पहले ही पूछताछ की जा चुकी है। इस मामले में सीएम सिद्धारमैया को 6 नवंबर को लोकायुक्त के सामने पेश होना होगा।
बता दें, यह मामला मैसूर में 14 साइटों के आवंटन में कथित अनियमितताओं से जुड़ा है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी मामले की जांच कर रहा है और उसने मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह मामला मैसूर शहरी विकास प्राधिकरण (MUDA) की ओर से मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की पत्नी पार्वती को मैसूरु शहर के प्रमुख स्थान पर 14 साइट, जो केसारे गांव में 3.16 एकड़ जमीन के बदले में आवंटित किए गए थे।

आरटीआई कार्यकर्ता ने दावा किया था कि इस लेनदेन के कारण राज्य को 45 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। इसी को लेकर शिकायत भी दर्ज कराई गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि सीएम की पत्नी पार्वती के भाई ने उन्हें उपहार में देने से पहले जमीन अवैध रूप से हासिल किया था। इन आरोपों ने कर्नाटक में राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया है।
भाजपा ने श्री सिद्धारमैया के इस्तीफे की मांग की है। वहीं, पुलिस ने विशेष अदालत के निर्देश के बाद प्राथमिकी दर्ज की है। सिद्धारमैया और उनकी पत्नी के अलावा, उनके रिश्तेदार मल्लिकार्जुन स्वामी और देवराजू का भी नाम शामिल है। इस बीच सिद्धारमैया ने आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए खारिज कर दिया है और खुद को निर्दोष बताया है।












Click it and Unblock the Notifications