'...आंध्र प्रदेश में 2024 कांग्रेस का साल, मोदी सरकार ने दिया धोखा', MP मनिकम टैगोर ने साधा निशाना
लोकसभा चुनाव 2024 के अब कुछ ही महीने बचे हैं। ऐसे में सभी राजनीतिक दल पूरा जोर लगाने में जुटे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को दिल्ली में लोकसभा चुनाव और अगले साल होने वाले एपी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की। आंध्र प्रदेश कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक के दौरान कई अहम फैसले लिए गए।
बैठक में नवनियुक्त एपी प्रभारी मनिकम टैगोर ने भी हिस्सा लिया। बैठक दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में हुई। बैठक के बाद, आंध्र प्रदेश के एआईसीसी प्रभारी मनिकम टैगोर ने कहा कि कांग्रेस आंध्र प्रदेश के नेताओं ने 2024 के लोकसभा और राज्य विधानसभा चुनावों की योजना पर चर्चा की। एक इकाई के रूप में, हम दोनों चुनाव एकजुट होकर लड़ेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी 2024 की लड़ाई के लिए तैयार है। मिशन आंध्र अब शुरू हो रहा है। आने वाला साल कांग्रेस का साल होगा आंध्र प्रदेश में। भारत जोड़ो यात्रा ने कांग्रेस का कायाकल्प कर दिया है। अब मणिपुर से मुंबई तक भारत न्याय यात्रा कांग्रेस के लिए ऐतिहासिक होने जा रही है।
पीएम मोदी पर साधा निशाना
मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए, टैगोर ने कहा कि पीएम मोदी के अधूरे वादों के परिणामस्वरूप आंध्र प्रदेश में विकास कार्य प्रभावित हुआ है। मोदी सरकार ने आंध्र प्रदेश के लोगों को धोखा दिया है। हम उन सभी आवाजों का स्वागत करते हैं, जो कांग्रेस की विचारधारा में विश्वास करते हैं और राज्य का पुनर्निर्माण करना चाहते हैं।
क्या बोले खड़गे?
एक्स(पूर्व में ट्विटर) पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि आंध्र प्रदेश कांग्रेस नेताओं की एक महत्वपूर्ण रणनीति बैठक में लोकसभा चुनावों के लिए राज्य में पार्टी को मजबूत करने के तरीकों पर विचार किया गया। सभी का मानना है कि कर्नाटक और तेलंगाना में सरकार गठन के बाद जमीनी स्थिति में काफी बदलाव आया है।
प्रत्येक नेता और कार्यकर्ता कड़ी मेहनत करने जा रहे हैं और उस बंधन को फिर से स्थापित करेंगे जो, आंध्र प्रदेश के लोगों ने एक बार कांग्रेस पार्टी के साथ साझा किया था। बैठक में कांग्रेस पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल भी मौजूद थे। खड़गे चुनाव तैयारियों पर चर्चा के लिए 24 राज्यों के नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications