Weather Updates: मुंबई में आज पहुंच सकती है 'मानसून एक्सप्रेस', औली में जमी बर्फ-IMD
मुंबई, 8 जून। भारतीय मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि मुंबई में आज शाम या कल सुबह मानसून पहुंच सकता है। इस दौरान शहर में भारी बारिश की आशंका है, जिसके लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। वैसे आपको बता दें कि परसों रात में ही मानसून महाराष्ट्र में एंट्री कर चुका है और उसने कल तक 30 प्रतिशत से ज्यादा राज्य कवर कर लिया है। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद महाराष्ट्र सीएमओ ने सभी एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। CMO की ओर से कहा गया है कि जहां आवश्यक हो वहां एनडीआरएफ और एसडीआरएफ इकाइयां तैनात की जाएं।
Recommended Video

भारी बारिश की आशंका
तो वहीं पंजाब में मानसून की एंट्री 11 जून को हो सकती है और इस वक्त अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, असम, मणिपुर और आस-पास के राज्यों में अगले 3 दिनों के दौरान भारी बारिश की आशंका है। मौसम विभाग ने इससे पहले कहा था कि 12, 13 जून के दौरान ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड और बिहार में मानसून पहुंचेगा। तो वहीं आज औली के पहाड़ों पर बर्फबारी हुई है। उत्तराखंड और हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट जारी है।

दिल्ली का चढ़ेगा पारा
इस हफ्ते दिल्ली में मौसम शुष्क, गर्म और प्रदूषणयुक्त रहने वाला है। आईएमडी ने कहा है कि 11 जून तक आसमान साफ रहने के साथ-साथ 20 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं दिल्ली में चलेंगी तो वहीं 13 जून के बाद से दिल्ली का मौसम बदलेगा और हल्की बारिश के आसार नजर आ रहे हैं।

स्काईमेट ने कही ये बात
जबकि स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में भारी बारिश देखने को मिल सकती है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और केरल में 12 स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है।

जमकर बरसेंगे बादल
वहीं पश्चिमी हिमालय, उत्तर पूर्व भारत, मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों और तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बिहार, उड़ीसा, तेलंगाना, मराठवाड़ा और विदर्भ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की उम्मीद है। गुजरात और छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश संभव है।












Click it and Unblock the Notifications