गुरुग्राम में साउथ कोरिया की रहने वाली महिला से चार लोगों ने की छेड़खानी, बनाया VIDEO
गुरुग्राम। आईटी हब के नाम से पहचान बनाने वाले हरियाणा के गुरुग्राम में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने अतिथि देवो भव: की संस्कृति वाले हमारे देश को शर्म से नीचा कर दिया है। यहां एक विदेशी महिला से छेड़खानी हुई है। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों के भीतर मनचलों को गिरफ्तार कर लिया। जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक गुरुग्राम में मानेसर की पहाडि़यों के पास चार बदमाशों ने विदेशी महिला के साथ न सिर्फ छेड़खानी की बल्कि छेड़खानी का वीडियो भी बना लिया। इतना ही नहीं उस विदेशी महिला के साथ उसका दोस्त भी था जिसके साथ आरोपियों ने मारपीट की।

काफी मशक्कत के बाद विदेशी महिला किसी तरह बदमाशों के चंगुल से छूटकर अपने दोस्त के साथ मानेसर थाने पहुंची और छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज करवाया। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद 10 फरवरी की रात को ही चारों बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी और अगली सुबह तक चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चारों आरोपियों की पहचान संदीप, विनोद, जितेंद्र और राकेश के रूप में की है। पुलिस ने बताया कि चारों आरोपी गुरुग्राम के ही रहने वाले हैं।
पुलिस जल्द ही चारों को कोर्ट के सामने पेश करेगी। जानकारी के मुताबिक, पीड़िता साउथ कोरिया की रहने वाली है और घटना वाले दिन अपने दोस्त के साथ जयपुर घूमकर दिल्ली लौट रही थी। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मानेसर की पहाड़ियों की खूबसूरती देखकर वे रुक गए और फोटोग्राफी करने लगे। उसी दौरान 4 बदमाश उनके पास पहुंचे और विदेशी महिला के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर बदमाशों ने विदेशी महिला के दोस्त के साथ मारपीट भी की। इस दौरान चारों आरोपियों ने महिला के साथ छेड़छाड़ का वीडियो भी बनाया।












Click it and Unblock the Notifications