एयर इंडिया एक्सप्रेस पर क्यों भड़के मोहम्मद सिराज? इस बात को लेकर सोशल मीडिया पर लगा दी एयरलाइन की क्लास
Mohammed Siraj Slams Air India: गुवाहाटी एयरपोर्ट पर बुधवार की रात यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX 2884 पहले घंटों तक बिना किसी सूचना के देरी का शिकार हुई और फिर अचानक उड़ान को रद्द कर दिया गया।
इस बीच सबसे ज्यादा नाराज़ दिखे टीम इंडिया के तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज। सिराज भी इसी फ्लाइट से यात्रा करने वाले थे। फ्लाइट कैंसिल होने के बाद क्रिकेटर का गुस्सा सोशल मीडिया पर निकला। सिराज ने एयरलाइन की 'कोई जानकारी न देने वाली' व्यवस्था पर कड़ा सवाल खड़ा किया। मामला सामने आते ही एयरलाइन को सफाई देनी पड़ी, लेकिन यात्रियों की परेशानी और गुस्सा सोशल मीडिया पर लगातार सामने आ रहे हैं।

फ्लाइट रद्द होने पर एयरलाइन ने क्या कहा?
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने X पर सिराज की पोस्ट का जवाब देते हुए लिखा कि फ्लाइट "अनपेक्षित संचालन संबंधी कारणों" की वजह से रद्द की गई है। एयरलाइन ने कहा, "हम खेद जताते हैं कि फ्लाइट रद्द करनी पड़ी। हमारी टीम एयरपोर्ट पर सभी यात्रियों की मदद कर रही है और जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।"
ये भी पढ़ें: Tejas Crash : 'मैं तो यूट्यूब पर बेटे का एयर शो खोज रहा था', फूट-फूट कर रो पड़े नमांश स्याल के पिता
एयरलाइन ने आगे कहा कि वे हालात को समझते हैं और यात्रियों की परेशानी का सम्मान करते हैं। कंपनी ने बताया कि उनकी टीम लगातार अपडेट देने और मदद पहुंचाने की कोशिश कर रही है।
सिराज ने देरी और जानकारी की कमी पर जताई नाराज़गी
सिराज ने बुधवार शाम बताया कि फ्लाइट का समय 7:25 बजे था, लेकिन एयरलाइन की तरफ़ से घंटे भर तक कोई जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने लिखा, "बार-बार पूछने पर भी कोई सही कारण नहीं बताया जा रहा। यह बेहद परेशान करने वाला है। हर यात्री की यही छोटी-सी उम्मीद होती है कि उन्हें सही जानकारी मिले।"
सिराज ने यह भी कहा कि फ्लाइट 4 घंटे तक देरी का शिकार रही और उसके बाद भी कोई अपडेट नहीं मिला। उन्होंने इसे "सबसे खराब अनुभव" बताते हुए कहा कि वे इस फ्लाइट की सलाह किसी को नहीं देंगे, अगर एयरलाइन अपने यात्रियों के साथ खड़ी नहीं होती।
एयरलाइन पर उठे सवाल
घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई यात्रियों ने भी इसी तरह की शिकायतें साझा कीं। लोग एयर इंडिया एक्सप्रेस की सूचना प्रणाली और सेवा को लेकर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि एयरलाइन का कहना है कि वे यात्रियों की सुविधा के लिए सभी जरूरी कदम उठा रही है।
ये भी पढ़ें: ज्वालामुखी फटने के बाद मुंबई, दिल्ली पहुंचा राख का गुबार, कई फ्लाइट की गई रद्द, जानें हर अपडेट












Click it and Unblock the Notifications