बैंक अकाउंट, सिम कार्ड के बाद आपकी प्रॉपर्टी को आधार से लिंक करेगी सरकार!
आपकी प्रॉपर्टी पर सरकार की नजर,आधार लिंक करना अनिवार्य!
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने तमाम सरकारी योजनाओं, बैंक खातों, पैन कार्ड, सिम कार्ड जैसी जरूरी सेवाओं को आधार से लिंक करवाना अनिवार्य कर दिया है। आर्थिक पारदर्शिता लाने के लिए सरकार आधार को अनिवार्य कर रही है। इसी के तहत अब मोदी सरकार एक और बड़ा कदम उठा सकती है। इकनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक कालेधन पर रोक लगाने के लिए सरकार एक और बड़ा कदम उठा सकती है और वो कदम है आपकी प्रॉपर्टी पर सरकार की पैनी निगाहें रखना। इसके लिए सरकार आपकी प्रॉपर्टी को आधार से लिंक करवाने की दिशा में कदम उठा सकती है।

प्रॉपर्टी को आधार से जोड़ना अनिवार्य
नोटबंदी के बाद से सरकार के निशाने पर बेनामी प्रॉपर्टी रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि सरकार प्रॉपर्टी को आधार से जोड़ना अनिवार्य कर सकती है। एक टीवी इंटरव्यू के दौरान केंद्रीय आवास मंत्री हरदीप पुरी ने भी इस दिशा में कदम उठाए जाने की बात कही।

खत्म होगी बेनामी संपत्ति
दरअसल सरकार रियल एस्टेट से ब्लैक मनी को खत्म करना चाहती है। सरकार प्रॉपर्टी को आधार से लिंक करवाकर बेनामी संपत्ति पर बडा प्रहार करना चाहती है। इसके लिए सरकार रियल एस्टेट के लिए भी आधार को अनिवार्य बना सकती है। हालांकि पीएम मोदी भी कई बार इस बारे में इशारा कर चुके हैं। ऐसे में आधार लिंकिंग एक बड़ा कदम हो सकता है।

अर्थव्यवस्था में पारदर्शिता लाने की हो रही है कोशिश
सरकार की माने तो आधार लिंकिंग को अनिवार्य कर वो देश की अर्थव्यवस्था में पारदर्शिता लाने की कोशिश कर रही है। इसी पारदर्शिता को वो रियल एस्टेट मार्केट तक भी ले जाना चाहते हैं ताकि सरकार बेनामी संपत्ति पर सख्त प्रहार कर सके। सरकार ऐसे में बड़े लेन-देन पर नजरें बनाए हुए है।












Click it and Unblock the Notifications