मिर्जापुर 2 के दीवानों का खत्म हुआ अब इंतजार, जल्द हो रही है रिलीज
अगर आप ओटीटी प्लेटफॉर्म के जरा भी शौकीन हैं तो मिर्जापुर सीरीज तो देखी होगी। अगर देखी है तो अगला सवाल बस यही होगा कि आखिर मिर्जापुर सीजन 2 कब रिलीज हो रहा है ? कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना आगे क्या करने वाले हैं ? तो अब आपका इंतजार खत्म होने वाला है क्योंकि मिर्जीपुर सीरीज का सीजन 2 जल्द ही ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम पर रिलीज होने वाला है। अमेजन प्राइम वीडियो ने सोशल मीडिया पेज पर इसे लेकर एक वीडियो जारी किया है।

प्राइम वीडियो ने किया खुलासा
मिर्जापुर सीरीज के दीवानों के लिए प्राइम वीडियो ने एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में मिर्जापुर सीजन-2 का इंतजार कर रहे फैन की उत्सुकता दिखाई गई है कि किस तरह सीरीज के प्रशंसक अपने चहेते प्रोग्राम को देखने के लिए उत्साह से भरे हुए है। वीडियो इस लाइन से शुरू होता है कि दुनिया में दो तरह के फैन होते हैं, एक होते हैं फैन और दूसरे हैं मिर्जापुर के फैन और खत्म होता है इस लाइन से कि जल्दी मिलेंगे बहुत हुआ इंतजार।

फाइनल स्टेज में सीरीज
पिछले महीने मिर्जापुर 2 की कास्ट को डबिंग स्टूडियों के बाहर देखा गया था। तब से ही ये अंदाजा लगाया जा रहा था कि सीरीज की एडिटिंग फाइनल स्टेज में हैं। सीजन 1 के खत्म होने के बाद से ही दर्शकों को सीजन-2 का इंतजार था। प्राइम वीडियो ने सीजन 2 को इसी साल की शुरुआत में रिलीज का प्लान किया था लेकिन कोविड के बाद हुए देशव्यापी लॉकडाउन के चलते सीजन 2 की रिलीज को बार-बार पीछे धकेलना पड़ा था। अब इसके फैन्स का इंतजार खत्म हो रहा है क्योंकि जल्द ही सीरीज का दूसरा सीजन रिलीज किया जाएगा।

प्रेशर में पूरी टीम- अली फजल
सीरीज में गुड्डू पंडित का किरदार निभाने वाले एक्टर अली फजल कहते हैं कि सीरीज को लेकर पूरी टीम पर बहुत प्रेशर है। हम शुरू से अंडरडॉग थे लेकिन दर्शकों ने हमें बहुत प्यार दिया। अब सभी को हमसे बहुत उम्मीदें हैं। सीजन-2 को लेकर शुरू से ही दर्शकों को इंतजार था लेकिन कोरोना वायरस के चलते बार-बार रिलीज डेट टालते हुए हम यहां पहुंच गए हैं। अब दर्शक हमारे पीछे पड़े हैं। मुझे लगता है कि पिछले साल में इतना उम्दा कंटेंट आया है और मैं अमेजन के इस शो का हिस्सा बनकर खुद को भाग्यशाली समझता हूं।

पूर्वांचल के अपराध की कहानी
मिर्जापुर एक क्राइम थ्रिलर सीरीज है जो ड्रग, बंदूक और अपराध की कहानी के आस-पास लिखी गई है। ये कहानी उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र में शासन और माफिया डॉन की प्रतिद्वंदिता और चल रहे अपराध के इर्द-गिर्द चलती है। पहले सीजन में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, विक्रांत मैसी, श्वेता त्रिपाठी, दिव्यांदु शर्मा, श्रिया पिलगांवकर, रसिका दुग्गलत और कुलभूषण खरबंदा प्रमुख भूमिकाओं में हैं।












Click it and Unblock the Notifications