पुरी में ज़िंदा जलाई गई नाबालिग लड़की की दिल्ली AIIMS में मौत, CM मोहन माझी, पूर्व CM नवीन पटनायक ने जताया शोक
Puri girl murder case: ओडिशा के पुरी जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे राज्य को सदमे में डाल दिया है। 15 वर्षीय एक नाबालिग लड़की को 3 अज्ञात बदमाशों ने कथित तौर पर अगवा कर आग के हवाले कर दिया। लड़की ने दिल्ली स्थित एम्स में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। यह वारदात 19 जुलाई को उस समय हुई जब पीड़िता भार्गवी नदी के पास अपनी एक दोस्त से मिलकर घर लौट रही थी।
परिवार की ओर से दर्ज एफआईआर में बताया गया है कि आरोपी उसे रास्ते में रोककर जबरन एक सुनसान स्थान पर ले गए और ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। घटना के बाद पीड़िता को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए भुवनेश्वर और फिर दिल्ली एम्स भेजा गया, लेकिन वह जिंदगी की जंग हार गई।

CM मोहन माझी ने क्या कहा?
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी ने पीड़िता की मौत पर गहरा दुख जताया और सरकार की ओर से हरसंभव इलाज कराने की बात कही। बीजद प्रमुख नवीन पटनायक, उपमुख्यमंत्री केवी सिंह देव और राज्यसभा सांसद सस्मित पात्रा सहित कई नेताओं ने भी शोक प्रकट किया। वहीं, कांग्रेस ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए सात दिन के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
ये भी पढ़ें Kamal Kaur Murder: Arsh Dalla कौन है? पंजाबी इन्फ्लुएंसर भाभी को दी थी धमकियां, आतंकी निज्जर से जुड़ें तार!
पुलिस जांच अंतिम चरण में- ओडिशा पुलिस
ओडिशा पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच अंतिम चरण में है और शुरुआती जांच में किसी और व्यक्ति की संलिप्तता सामने नहीं आई है। पुलिस ने सभी से मामले पर कोई सनसनीखेज टिप्पणी न करने की अपील की है।
यह घटना राज्य की कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग लगातार तेज हो रही है, वहीं परिजन और समाज इस निर्मम अपराध के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पूर्व सीएम नवीन पटनायक ने जताया शोक
वहीं पूर्व सीएम नवीन पटनायक ने कहा कि, 'बलांगा क्षेत्र (#Balanga) में आग के हवाले की गई नाबालिग बच्ची के निधन की खबर से मैं बेहद व्यथित और दुखी हूँ। एम्स दिल्ली में इलाज के दौरान उसका निधन हो गया। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं बच्ची के परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वह परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति दें।'
विपक्ष ने कानून व्यवस्था पर उठाया सवाल
वहीं इस घटना पर बीजेडी विधायक कालिकेश नारायण सिंह देव ने कहा, 'यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि बलांगा की वह युवती, जो इतने जघन्य अपराध की शिकार हुई थी, वह ज़िंदा नहीं बच सकी। यह ओडिशा में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध और इस मुद्दे को सुलझाने की राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी को दर्शाता है... सरकार को वास्तव में आत्ममंथन करना चाहिए और खासतौर पर महिलाओं और बच्चों के खिलाफ हो रहे हिंसक अपराधों पर गंभीर कार्रवाई करनी चाहिए।'












Click it and Unblock the Notifications