काबुल में भारतीय के अपहरण पर आया विदेश मंत्रालय का बयान- हम सभी पक्षों से कर रहे संपर्क
काबुल में भारतीय कारोबारी के अपहरण पर आया विदेश मंत्रालय का बयान- हम सभी पक्षों से कर रहे संपर्क
नई दिल्ली, 16 सितंबर: अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक भारतीय कारोबारी के अपहरण के मामले पर भारत सरकार निगाह रख रही है और सभीं पक्षों से संपर्क साध रही है। गुरुवार को विदेश मंत्रालय ने इसको लेकर जानकारी दी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने प्रेस वार्ता में कहा कि हमने इन खबरों को देखा है। हम सभी पक्षों से सपंर्क कर रहे और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

बागची ने कहा, हम सभी संबंधित पक्षों के साथ सम्पर्क में हैं। स्थानीय प्रशासन के इस मामले की जांच किए जाने की बात भी कही गई है। हम सभी चीजों पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमें यह बताया गया है कि जिसका अपहरण हुआ है, वह भारतीय नागरिक हैं। हम भी इस बारे में ज्यादा पता कर रहे हैं।
बागची ने ये भी कहा कि हमारा ध्यान इस बात पर है कि काबुल हवाई अड्डा खुल जाए ताकि हमें लोगों को वापस लाना आसान हो जाए। जब तक काबुल हवाई अड्डा उड़ान सेवा के परिचालन के लिये खुल नहीं जाता है तब तक शेष भारतीयों और अफगानिस्तान के कुछ नागरिकों को वापस लाने के बारे में कहना मुश्किल है।
मंगलवार को आई थी कारोबारी के अपहरण की खबर
अफगानिस्तान की राजधानी में मंगलवार को बंदूक का भय दिखाकर कारोबारी बंसरीलाल आरंदेह का अपहरण कर लिया गया था। बताया गया है कि आरंदेह भारतीय हैं और उनका परिवार फरीदाबाद में रहता है। वह पिछले दो दशकों से काबुल में रहकर कारोबार कर रहे थे। बंसरीलाल काबुल में फामार्स्युटिकल उत्पादों के व्यवसायी हैं। इस मामले के बाद तालिबान प्रशासन ने भी उनकी खोज शुरू कर दी है। तालिबान अधिकारियों ने इस अपहरण मामले में दर्ज शिकायत के आधार पर तलाशी आदेश जारी किए हैं।












Click it and Unblock the Notifications