प्रियंका के पुलिस से टकराव और सुरक्षा चूक पर बोले जितेंद्र सिंह, सुरक्षाकर्मियों पर आरोप लगाना गलत
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा है कि प्रियंका गांधी की ओर से सुरक्षाकर्मियों पर ही चूक का आरोप लगा देना गलत है। सिंह ने कहा, मुझे व्यक्तिगत रूप से लगता है कि पर्याप्त सबूत के बिना सुरक्षा कर्मियों पर उंगली उठाना ठीक नहीं है। वे अपना काम कर रहे हैं और वो प्रियंका गांधी को सुरक्षा दे रहे हैं इसीलिए वो कहीं भी घूमने के लिए स्वतंत्र हैं। वहीं नागरिकता कानून को लेकर जितेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस इसे समझे और तब बात करे सिर्फ विरोध करने को विरोध ना करे।

शनिवार को लखनऊ में प्रियंका गांधी और पुलिस के बीच टकराव देखने को मिला था। ये तब हुआ था जब प्रियंका नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए गिरफ्तार हुए एसआर दारापुरी के घर जाना चाहती थीं। प्रियंका पैदल और स्कूटर पर बैठकर उनके घर पहुंची थीं। इस दौरान उनकी सुरक्षा चूक को लेकर भी सवाल उठे थे।
सीआरपीएफ की ओर से सोमवार को कहा गया है कि प्रियंका गांधी के लखनऊ के हालिया दौरे के दौरान उनकी सुरक्षा को लेकर कोई चूक नहीं हुई। सीआरपीएफ की ओर से कहा गया कि कांग्रेस नेता ने बिना पूर्व सूचना के यात्रा की इसलिए सुरक्षा के इंतजाम पहले से नहीं किए जा सके।
प्रियंका गांधी ने शनिवार को लखनऊ में पुलिस पर अपने साथ बदसलूकी का आरोप लगाया था। प्रियंका गांधी के कार्यालय ने 28 दिसंबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि लखनऊ में पुलिस के सर्किल अधिकारी ने उनके सुरक्षाकर्मियों को धमकी दी और आवाजाही को सीमित रखने के लिए कहा।












Click it and Unblock the Notifications