अभी खत्म नहीं हुआ माइक्रोसॉफ्ट आउटरेज, भारत में क्या है एयरलाइंस की स्थिति, जानिए एयरपोर्ट पर कैसा है हाल?
Microsoft Global Outage Update: ग्लोबल माइक्रोसॉफ्ट आउटेज ने एयरलाइंस, बैंक, टीवी चैनल और वित्तीय संस्थानों सहित दुनिया के कई क्षेत्रों को प्रभावित किया है। माइक्रोसॉफ्ट आउटरेज अभी भी खत्म नहीं हुआ है। इसका सबसे ज्यादा असर एयरलाइंस पर देखने को मिला है। सैंकड़ों फ्लाइट्स कैंसिल की गई हैं, जिससे यात्री परेशान हो रहे हैं। भारत में इंडिगो (IndiGo), अकासा (Akasa) और स्पाइसजेट (SpiceJet) जैसे एयरलाइंस अब भी प्रभावित हैं।
माइक्रोसॉफ्ट आउटेज हाल के वर्षों में सबसे बड़ी आईटी क्रैश में से एक एंटीवायरस प्रोग्राम के अपडेट के कारण हुआ। लंदन स्टॉक एक्सचेंज में वैश्विक तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ा, स्काई न्यूज कुछ समय के लिए बंद हो गया, अमेरिका में 911 सेवाएं बाधित हुईं और अमेरिकन एयरलाइंस, डेल्टा एयरलाइंस, यूनाइटेड एयरलाइंस और अन्य वाहकों को उड़ानें बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

ये भी पढ़ें- Microsoft outage: माइक्रोसॉफ्ट का सर्वर ठप, दुनियाभर में एयरलाइंस से लेकर बैंक, कंप्यूटर तक की सर्विस बाधित
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा- एयरलाइन सिस्टम अब नॉर्मल तरीके से कर रहा है काम
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने शनिवार को एक अधिसूचना में कहा, "सुबह 3 बजे से, हवाई अड्डों पर एयरलाइन सिस्टम सामान्य रूप से काम करना शुरू कर दिया है। उड़ान संचालन अब सुचारू रूप से चल रहा है। हालांकि कल की रुकावटों के कारण कुछ बैकलॉग है, इसे धीरे-धीरे साफ किया जा रहा है। आज दोपहर तक, हम उम्मीद करते हैं कि सभी मुद्दे हल हो जाएंगे। हम अपने एयरपोर्ट पर परिचालन की लगातार निगरानी कर रहे हैं और एयरलाइनों के साथ बातचीत कर रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि यात्रा समायोजन और रिफंड का प्रबंधन किया जाए। हम आपके धैर्य के लिए धन्यवाद देते हैं।"
ये भी पढे़ं- Microsoft Outage: एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए फूड का प्रबंध, उड्डयन मंत्री ने की यात्रियों के धैर्य की सराहना
स्पाइसजेट ने क्या दिए लेटेस्ट अपडेट?
माइक्रोसॉफ्ट ग्लोबल आउटेज पर स्पाइसजेट ने कहा, "हमें आपको यह बताते हुए खुशी हो रही है कि समस्या अब हल हो गई है और उड़ान में व्यवधान के बारे में संदेश एसएमएस, ईमेल और आईवीआर कॉलिंग के जरिए पंजीकृत संपर्क विवरणों पर वास्तविक समय के आधार पर भेजा जा रहा है। हम इस संबंध में आपकी समझ की सराहना करते हैं।"
भारत में देशभर के हवाई अड्डों पर यात्री अब भी हैं परेशान
एक यात्री ने कहा कि माइक्रोसॉफ्ट ग्लोबल आउटेज के कारण उन्हें बहुत परेशानी का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि वह पूरी रात सो नहीं पाए। यात्री ने कहा, "मैं कल मुंबई से बेंगलुरु जा रहा था। फ्लाइट रद्द हो गई...हालांकि हमें सर्विस प्रदान की गई थी, लेकिन उन्होंने हमें जगह नहीं दी। हमें पूरी रात इंतजार करना पड़ा और हम पूरी रात सो नहीं पाए।"
दिल्ली एयरपोर्ट पर एक यात्री ने कहा कि ज्यादातर उड़ानें देरी से चल रही हैं। उन्होंने कहा, "मैं लंदन जा रहा हूं और मेरी उड़ान में कम से कम आधे घंटे की देरी है। हवाई अड्डे के बाहर लंबी कतार है। अधिकांश उड़ानें देरी से चल रही हैं।"
इस बीच चेन्नई एयरपोर्ट पर उड़ानें बाधित हैं और ब्लू स्क्रीन एरर के कारण दूसरे दिन भी हवाई यातायात प्रभावित है। मालदीव के लिए फ्लाइट पकड़ने आए प्रभाकरन नामक यात्री ने कहा कि उसे नहीं पता कि कहां ठहरना है। उन्होंने कहा, ''कल (रविवार) से मेरा वर्क परमिट खत्म हो जाएगा, इसलिए मुझे आज (शनिवार) मालदीव जाना है, लेकिन फ्लाइट रद्द होने के कारण मुझे कल जाने को कहा गया है। मुझे नहीं पता कि कहां ठहरना है और नौकरी का आश्वासन क्या है।''
कैसे शुरू हुआ ग्लोबल माइक्रोसॉफ्ट आउटरेज?
ग्लोबल माइक्रोसॉफ्ट आउटरेज की समस्या तब सामने आई जब क्राउडस्ट्राइक के FALCON सेंसर खतरे की निगरानी करने वाले सॉफ्टवेयर ने एक अपडेट भेजा जिसके बाद माइक्रोसॉफ्ट का विंडोज ऑपरेटिंग सिस्टम क्रैश हो गया। क्राउडस्ट्राइक के संस्थापक और सीईओ जॉर्ज कर्ट्ज ने माफी मांगी और कहा कि उन्हें पता चला कि जो सिस्टम अपडेट भेजा गया था उसमें एक सॉफ्टवेयर बग था।
उन्होंने कहा, "उस अपडेट में एक सॉफ्टवेयर बग था और इससे माइक्रोसॉफ्ट ऑपरेटिंग सिस्टम में समस्या आई। हमने इसे बहुत जल्दी पहचान लिया और समस्या का समाधान कर दिया है।''
ये भी पढ़ें- Global IT outage: ऑस्ट्रेलिया में टीवी नेटवर्क फेल, न्यूजीलैंड में संसद ठप, माइक्रोसॉफ्ट दुनिया को ले बैठा!
ग्लोबल IT आउटेज से कौन से उद्योग सबसे ज्यादा प्रभावित हुए?
ग्लोबल आउटेज से वित्त, एयरलाइंस और मेडिकल सेक्टर सबसे ज्यादा प्रभावित हुए। जेपी मॉर्गन चेस एंड कंपनी, नोमुरा होल्डिंग्स इंक. और बैंक ऑफ अमेरिका कॉर्प के बैंकर लॉग इन नहीं कर पा रहे थे। यूएस की संघीय एजेंसियों के कर्मचारियों को भी विंडोज एरर स्क्रीन का सामना करना पड़ा। यूके की नेशनल हेल्थ सर्विस के डॉक्टर भी स्कैन एक्सेस नहीं कर पाए।












Click it and Unblock the Notifications