अमित शाह पर ममता बनर्जी का पलटवार, कहा- श्रमिक ट्रेन को कभी नहीं बोला था 'कोरोना एक्सप्रेस'
नई दिल्ली: कोरोना महामारी के बीच ही राजनीतिक पार्टियों ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। इसको लेकर नेताओं में बयानबाजी भी तेज हो गई है। मंगलवार को गृहमंत्री अमित शाह ने बंगाल में पहली वर्चुअल रैली को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने ममता सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। अब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अमित शाह के बयान पर पलटवार किया है। साथ ही 'कोरोना एक्सप्रेस' वाले बयान पर सफाई दी है।

अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा था कि ममता बनर्जी ने श्रमिकों का अपमान किया है। लॉकडाउन में फंसे मजदूरों को घर भेजने के लिए मोदी सरकार ने श्रमिक एक्सप्रेस ट्रेनें चलाई थी। उस दौरान ममता बनर्जी ने श्रमिक एक्सप्रेस को कोरोना एक्सप्रेस कहा था। अमित शाह के मुताबिक आने वाले चुनावों में यही कोरोना एक्सप्रेस ममता बनर्जी को सत्ता से बाहर कर देगी। शाह के बयान के बाद अब ममता बनर्जी ने बीजेपी पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि मैंने कभी श्रमिक एक्सप्रेस को कोरोना एक्सप्रेस नहीं कहा है, मैंने वही कहा जो लोग कह रहे थे। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र सरकार ने लॉकडाउन के पहले श्रमिक ट्रेनें भेजी होती, तो इतनी मुश्किल नहीं होती और ना ही मजदूरों को परेशानी उठानी पड़ती।
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि मजदूर संकट अनियोजित लॉकडाउन की वजह से पैदा हुआ था। पश्चिम बंगाल में रह रहे श्रमिक कहीं नहीं जाना चाहते थे, ऐसे में केंद्र सरकार को उनकी सरकार से सीखना चाहिए। ममता बनर्जी के मुताबिक अगर सात दिन पहले केंद्र सरकार ने ट्रेनों के जरिए श्रमिकों को पहुंचाया होता, तो स्थिति इतनी बुरी नहीं होती। उन्होंने बीजेपी को उनके मूल बयान को देखने की भी सलाह दी है।












Click it and Unblock the Notifications