केंद्र सरकार मणिपुर को भारत का हिस्सा नहीं मानती? PM मोदी की 'चुप्पी' पर खड़गे का तीखा सवाल
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मणिपुर में फैली अशांति को लेकर पीएम मोदी पर निशाना साधा है। खड़गे ने कहा कि पीएम मोदी चुप्पी साधे हैं, वहां राज्य जल रहा है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार पर सीमावर्ती राज्य की अनदेखी करने का आरोप लगाया। साथ ही खड़गे ने मणिपुर की स्थिति बेहद परेशान करने वाली बताई है। उन्होंने केंद्र से एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल को राज्य का दौरा करने की अनुमति देने के लिए भी कहा।
खड़गे ने पीएम मोदी पर चुप रहने, बैठक की अध्यक्षता नहीं करने और सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल से नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए कहा कि आपके मन की बात कार्यक्रम में पहले मणिपुर की बात होनी चाहिए थी। सीमावर्ती राज्य की स्थिति अनिश्चित और बेहद परेशान करने वाली है। कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि ऐसा लगता है कि आपकी सरकार मणिपुर को भारत का हिस्सा नहीं मानती है, जो हमें कबूल नहीं है।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट करते हुए कहा कि आपकी सरकार चाक पर सो रही है, जबकि राज्य जल रहा है। खड़गे ने प्रधानमंत्री से राजधर्म का पालन करने और शांति भंग करने वाले सभी पर कार्रवाई करने के लिए कहा।
40 दिनों से ज्यादा समय से जारी है हिंसा
आपको बता दें कि मणिपुर में पिछले 40 दिनों से कुकी और मैतेई के बीच संघर्ष जारी है। राज्य जातीय हिंसा से जूझ रहा है। बीती 3 मई को एक रैली के बाद बड़े पैमाने पर हिंसा भड़क उठी, तो राज्य सरकार ने कई जिलों में कर्फ्यू लगा दिया। इंटरनेट बंद कर दिया। हिंसा को रोकने के लिए सुरक्षाबलों की भारी तैनाती की गई थी। लेकिन, उस समय शांति भंग हो गई, जब भीड़ ने एक केंद्रीय मंत्री के घर में आग लगा दी।
गोलीबारी, सुरक्षाबलों के साथ भीड़ की झड़प और बीजेपी नेताओं के घरों को जलाने की कोशिशों की भी खबरें सामने आई। इस जातीय हिंसा में 100 से अधिक लोगों की जान चली गई। वर्तमान में, मणिपुर में लगभग 30,000 केंद्रीय सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। सुरक्षा बल स्थिति पर काबू पाने का प्रयास कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications