मलाइका अरोड़ा ने कोरोना वायरस को दी मात, कहा-'खुशनसीब हूं जो कम दर्द में हो गई ठीक'
नई दिल्ली: देश में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। जिस वजह से बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियां भी इसकी चपेट में आ चुकी हैं। हाल ही में एक्ट्रेस मलाइका अरोड़ा और अर्जुन कपूर भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। हालांकि दोनों में कोरोना के मामूली लक्षण होने की वजह से उन्हें घर पर ही आइसोलेट कर दिया गया। इस बीच एक राहत भरी खबर सामने आई है, जहां मलाइका ने कोरोना को मात दे दी है।

इंस्टाग्राम पर लिखी पोस्ट
मलाइका अरोड़ा ने खुद अपने ठीक होने की जानकारी सोशल मीडिया पर दी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी फोटो पोस्ट करते हुए लिखा कि आखिर मैं ठीक होकर अपने कमरे से बाहर आ ही गई। मैं खुद को खुशनसीब महसूस कर रही हूं, क्योंकि मैं इस वायरस से कम से कम दर्द में उबर गई। मैं अपने डॉक्टर, मेडिकल स्टॉफ, बीएमसी और परिवार को शुक्रिया कहना चाहती हूं, जिन्होंने इस मुश्किल हालात में मेरा साथ दिया। उन्होंने अपने पड़ोसियों, फैन्स आदि को भी धन्यवाद कहा। मलाइका के मुताबिक उन लोगों की दुआ की वजह से वो जल्द ही कोरोना से ठीक हो गईं।

'मदद के लिए शुक्रिया काफी नहीं'
मलाइका अरोड़ा ने आगे लिखा कि आप लोगों ने इस मुश्किल वक्त में मेरे लिए जो किया है, उन सब चीजों के लिए सिर्फ शुक्रिया ही काफी नहीं होगा। आप सब अपने घर पर रहें और सुरक्षित रहें। साथ ही कोरोना से बचने के लिए सभी सावधानियां बरतें। मलाइका के इस मुश्किल दौर में उनकी बहन अमृता अरोड़ा ने उनका काफी साथ दिया है। वो लगातार लोगों को उनके स्वास्थ्य से जुड़ा अपडेट देती रही हैं। मलाइका की रिपोर्ट वायरल होने पर अमृता काफी गुस्सा भी हुईं थी।

अर्जुन भी घर पर आइसोलेट
दो हफ्ते पहले अर्जुन कपूर ने खुद ही अपने फैन्स को कोरोना पॉजिटिव होने की खबर दी थी। उस दौरान उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा था कि 'मेरी जिम्मेदारी है कि मैं सबको सूचित करूं कि मेरी कोविड-19 रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैं अभी ठीक महसूस कर रहा हूं और शरीर में कोरोना के लक्षण नहीं है। मैंने डॉक्टरों और प्रशासन की सलाह पर खुद को आइसोलेट कर लिया है और मैं होम क्वारंटीन में रहूंगा'। अर्जुन के पॉजिटिव आने के दूसरे दिन ही मलाइका की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई थी। अर्जुन के स्वास्थ्य से जुड़ा अभी कोई लेटेस्ट अपडेट तो नहीं है, फिलहाल वो भी अपने घर में आइसोलेट हैं।












Click it and Unblock the Notifications