कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मिले कमल हासन, कहा- तमिलनाडु को लेकर हुई बातचीत
नई दिल्ली। दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार से नेता बने कमल हासन ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। मक्कल नीधि मय्यम के नाम से अपनी नई राजनीतिक पार्टी बनाने वाले कमल हासन बुधवार को दिल्ली में थे, जहां उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात की। उनकी इस मुलाकात को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे। हालांकि राहुल गांधी के साथ मुलाकात के बाद कमल हासन ने कहा कि यह एक औपचारिक मुलाकात थी। इस दौरान हमने तमिलनाडु की राजनीति के बारे में बात की।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात के बाद भले ही कमल हासन ने इसे औपचारिक मुलाकात बताई हो, बावजूद इसके सियासी गलियारे में उनकी इस मुलाकात को लेकर चर्चाएं जरूर शुरू हो गई। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि कमल हासन और राहुल गांधी की ये मुलाकात आने वाले नए सियासी समीकरण का संकेत भी हो सकती हैं। वहीं कमल हासन ने भी मुलाकात के बाद बताया कि हमने तमिलनाडु की राजनीति के बारे में चर्चा की है।
इससे पहले कमल हासन बुधवार को दिल्ली पहुंचे जहां उन्होंने अपनी पार्टी मक्कल नीधि मय्यम की मान्यता के लिए चुनाव आयोग के अधिकारियों से मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग को हमारी पार्टी को लेकर कुछ सवाल थे, हमने उससे संबंधित जानकारी मुहैया करा दी है। हमें भरोसा है कि जल्द ही चुनाव आयोग से हमारी पार्टी को मान्यता मिल जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications