अस्पताल के बिस्तर से संजय राउत ने किया ट्वीट, हम होंगे कामयाब
मुंबई। महाराष्ट्र में जिस तरह से शिवसेना की सरकार बनाने की कोशिशों को सोमवार को झटका लगा, उसके बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता संजय राउत ने अस्पताल से ट्वीट किया है। संजय राउत ने अस्पताल से पार्टी के समर्थन में हिंदी कविता को ट्वीट किया है। बता दें कि संजय राउत की सोमवार को अचानक तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें सीने में दर्द की शिकायत थी, जिसके बाद उन्हें भर्ती कराया गया।
Recommended Video

हर रोज एक ट्वीट
अस्पताल से संजय राउत ने ट्वीट करके लिखा कि, "लहरों से डर कर नौका पार नहीं होती, कोशिश करने वालों की कभी हार नही होती। 'बच्चन. हम होंगे कामयाब..जरूर होंगे...'। इससे पहले भी संजय राउत ने सोमवार को ट्वीट करके लिखा था कि रास्ते की परवाह करूँगा तो मंजिल बुरा मान जाएगी.........। अहम बात यह है कि संजय राउत हर रोज अपने अंदाज में ट्वीट की वजह से चर्चा में हैं। रविवार को संजय राउत ने ट्वीट करके लिखा था कि जो खानदानी रईस हैं वो, मिजाज रखते हैं नर्म अपना, तुम्हारा लहजा बता रहा है, तुम्हारी दौलत नई-नई है।

एनसीपी ने रखी थी शर्त
बता दें कि शिवसेना को महाराष्ट्र में सरकार बनाने का राज्यपाल ने न्योता दिया था। जिसके बाद एनसीपी ने शिवसेना के सामने शर्त रखी थी कि अगर शिवेसना केंद्र सरकार में अपने मंत्री पद को वापस लेकर भाजपा के साथ संबंध खत्म करे और हमसे समर्थन मांगे तो हम इसपर विचार कर सकते हैं। जिसके बाद शिवसेना के सांसद अरविंद सावंत ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। लेकिन जिस तरह से आखिरी समय में शिवसेना को सरकार बनाने के लिए पर्याप्त संख्या बल नहीं मिली और केंद्र में मंत्रीपद गया, उसके बाद शिवसेना को बड़ा झटका लगा है।

आज होगी अहम बैठक
वहीं दूसरी तरफ आज एनसीपी और कांग्रेस के नेता मुलाकात करेंगे और इस बात पर चर्चा करेंगे कि कैसे प्रदेश में गैर भाजपा सरकार का गठन किया जाए। सोमवार को एनीपी नेता अजीत पवार ने कहा था कि मंगलवार को हम कांग्रेस के साथ बैठक करेंगे और शिवसेना को लेकर फैसला केरंगे। इस दौरान दोनों ही दल के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। बता दें कि महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने सोमवार को एनसीपी को सरकार बनाने का न्योता दिया है।
"लहरों से डर कर नौका पार नहीं होती,
— Sanjay Raut (@rautsanjay61) November 12, 2019
कोशीश करने वालों की कभी हार नही होती ।
बच्चन.
हम होंगे कामयाब..
जरूर होंगे...












Click it and Unblock the Notifications