VIDEO: झुग्गी में घुसकर मादा तेंदुए ने दिया 4 बच्चों को जन्म, दहाड़ सुनकर लोगों की हालत खराब
नई दिल्ली: जंगलों में इन दिनों मानवीय गतिविधियां बढ़ती जा रही हैं, जिस वजह से जंगली जानवर रिहायशी इलाकों का रुख कर रहे है। ऐसे में कई बार वो या तो इंसानों पर हमला कर देते हैं या फिर किसी इलाके में फंस जाते हैं। कुछ ऐसा ही वाक्या महाराष्ट्र से सामने आया है, जहां एक मादा तेंदुआ रिहायशी इलाके में घुस गई, जिस वजह से घंटों तक लोग और वन विभाग के कर्मचारी परेशान हुए।

झुग्गी में बच्चे को दिया जन्म
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक महाराष्ट्र के नासिक जिले के इगतपुरी इलाके में एक मादा तेंदुआ घुस गई थी। काफी देर इधर-उधर घूमने के बाद वो एक झुग्गी-झोपड़ी में गई और वहां पर उसने चार बच्चों को जन्म दे दिया। जिसको देखकर आसपास के लोग घबरा गए और आनन-फानन में वन विभाग को इसकी सूचना दी। बच्चों को जन्म देने के बाद मादा तेंदुआ वहां से हिल भी नहीं रही थी। लोगों को डर था कि वो अगर उसके आसपास गए तो खतरा समझकर मादा तेंदुआ हमला कर देगी।
सभी बच्चे सुरक्षित
वन विभाग के अधिकारी गणेशराव जोले ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया कि मादा तेंदुए ने इगतपुरी इलाके में बच्चे को जन्म दिया था। उसके चारों बच्चे स्वस्थ हैं। उन्होंने बताया कि मादा तेंदुआ अपने बच्चों की सुरक्षा में लगी थी, जिस वजह से वहां वन कर्मी नहीं जा पा रहे थे। वहीं जैसे ही कोई उसके बच्चों की तरफ जाने की कोशिश करे, उसकी दहाड़ शुरू हो जाए। वन विभाग की टीम ने इसका एक वीडियो बनाया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

लोगों को इस बात की चिंता
न्यूज एजेंसी ANI की ओर से शेयर किए गए इस वीडियो को दो लाख से ज्यादा व्यू मिले हैं। इस वीडियो को तेजी से शेयर किया जा रहा है। साथ ही कई लोगों ने इस घटना पर चिंता जाहिर की है। डॉक्टर एस. लाम्बा नाम के एक यूजर ने ट्विटर पर लिखा कि यह देखने के लिए अच्छा है कि सभी शावक स्वस्थ और सुरक्षित हैं, लेकिन साथ ही साथ जंगली जानवरों का रिहायशी इलाकों में जन्म देते हुए देखना काफी भयावह है, यह मानव और वन जीव संघर्ष को बढ़ाएगा। आपको बता दें कि तेंदुए की खाल की जमकर तस्करी होती है, जिस वजह से ये शिकारियों के निशाने पर रहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications