महाराष्ट्र: RSS प्रमुख मोहन भागवत से मिलने नागपुर पहुंचे देवेंद्र फडणवीस
नागपुर। महाराष्ट्र में सरकार बनाने को लेकर जारी गतिरोधों के बीच सीएम देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार रात नागपुर में आरएसएस के सर संघचालक मोहन भागवत से मुलाकात की है। देवेंद्र फडणवीस और संघ प्रमुख की यह बैठक नागपुर स्थित संघ मुख्यालय में हुई है। सूत्रों के मुताबिक, मुलाकात के दौरान शिवसेना और भाजपा के बीच चल रहे गतिरोध को लेकर चर्चा हुई।

मंगलवार रात नागपुर के संघ मुख्यालय में देवेंद्र फडणवीस और मोहन भागवत की मुलाकात को प्रदेश के एक बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के रूप में भी देखा जा रहा है। इससे पहले शिवसेना के एक वरिष्ठ नेता ने संघ प्रमुख और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को चिट्ठी लिखकर दोनों दलों के बीच जारी विवाद में हस्तक्षेप की मांग भी की थी। इससे पहले शिवसेना नेता किशोर तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को भाजपा और शिवसेना के बीच चल रहे सत्ता संघर्ष को सुलझाने की जिम्मेदारी सौंपनी चाहिए।
मंगलवार को मुंबई में महाराष्ट्र बीजेपी के कोर ग्रुप की बैठक हुई थी। इस बैठक में पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल समेत तमाम बड़े नेता भी शामिल हुए थे। बीजेपी की इस बैठक के कुछ वक्त बाद ही एनसीपी और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता राजभवन में राज्यपाल से मिलने पहुंचे थे। हालांकि एनसीपी के इस प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात के बाद पार्टी नेता अजीत पवार ने कहा था कि वह सिर्फ किसानों के मुद्दे पर गवर्नर से मिलने के लिए गए थे।
इससे पहले सोमवार को मुंबई से दिल्ली तक मुलाकातों का सिलसिला चला। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात की। इसके बाद मीडिया से बातचीत में फडणवीस ने सिर्फ इतना कहा कि महाराष्ट में जल्द सरकार का गठन होगा। राकांपा प्रमुख शरद पवार ने भी दिल्ली में सोनिया गांधी से मुलाकात की। पवार ने कहा कि सोनिया से राज्य के राजनीतिक हालातों पर चर्चा हुई।












Click it and Unblock the Notifications