महाराष्ट्र: नासिक में आया 4.0 तीव्रता का भूकंप, घबराए लोग घरों से बाहर भागे
नई दिल्ली। कोरोना वायरस संकट का सामना कर रहे महाराष्ट्र के नासिक में लोगों ने भूकंप के तेज झटकों को महसूस किया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक यह झटके नासिक से 98 किमी पश्चिम में महसूस किए गए हैं। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक शुक्रवार देर रात करीब 11:41 बजे 4.0 तीव्रता का भूकंप आया। तेज झटके महसूस होने के बाद घबराए लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए हालांकि भूकंप का केंद्र कहां था इस बात की जानकारी नहीं मिली है, भू वैज्ञानिक भूकंप की वजह और केंद्र का पता लगाने में जुट गए हैं। भूकंप से किसी भी प्रकार के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।

गौरतलब है कि साल 2020 की शुरुआत से ही भारत के विभिन्न इलाकों में लगातार भूकंप के झटके महसूस किए जा रहे हैं। यह पहली बार नहीं है जब नासिक में लोगों ने तेज भूकंप का सामना किया हो इससे पहले पिछले महीने 18 अगस्त को भी नासिक की धरती भूकंप से कांप गई थी। उस दौरान दोपहर के करीब 3 बजे भूकंप महसूस किया गया था। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार रिक्टर पैमाने पर भूकम्प की तीव्रता 2.2 मापी गई थी। भूकंप के झटके महाराष्ट्र के नासिक से 88 किमी पश्चिम में महसूस किए गए थे।
इसके अलावा बता दें इससे पूर्व मणिपुर में 11 अगस्त को भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। मणिपुर में पिछले कुछ दिनों से बार-बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। 11 अगस्त को मणिपुर के मोइरंग इलाके में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.0 मापी गई। भूकंप का केंद्र मोइरंग से 43 किलोमीटर दक्षिण था। वहीं 1 सितंबर को भारत के पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में एक बार फिर से भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। नैशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक सोमवार देर रात करीब 2.39 बजे मणिपुर में भूकंप के झटके आए थे। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.1 मापी गई। भूकंप का केंद्र मणिपुर के 55 किलोमीटर ईस्ट के उखरूल में था।
यह भी पढ़ें: देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 40 लाख के पार, 13 दिन में सामने आए 10 लाख नए केस












Click it and Unblock the Notifications