कई दिनों तक नहाता नहीं था पति, पर्फ्यूम लगाकर रहता था, पत्नी ने मांगा तलाक
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के भोपाल में ऐसा मामला सामने आया है जो हैरान कर देने वाला है। एक पत्नी ने अपनी पति से तलाक के लिए जिन कारणों का हवाला दिया है उसे जानकर आप हैरान रह जाएंगे। 25 साल के युवक और 23 साल की महिला की एक साल पहले ही शादी हुई थी लेकिन अब इस महिला ने कोर्ट में अर्जी देकर तलाक की मांग की है। महिला का कहना है कि उसका पति कई दिनों तक नहाता नहीं है।

पति के ना नहाने और शेविंग ना करने से परेशान थी पत्नी
भोपाल फैमिली कोर्ट की काउंसलर शैल अवस्थी ने इस मामले के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि दंपती ने आपसी सहमति से तलाक के लिए कोर्ट में अर्जी दी है। पति के 7-8 दिन तक ना नहाने और शेविंग ना करने से परेशान महिला ने कोर्ट में तलाक की गुहार लगाई है। तलाक की मांग करने वाली महिला का कहना है कि कई दिनों तक ना नहाने से उसके पति के शरीर से बदबू आती है।

दोनों को 6 महीने तक अलग-अलग रहना होगा- कोर्ट
महिला का कहना था कि अगर नहाने के लिये कहा जाता है तो पति शरीर एवं कपड़ों पर इत्र लगा लेता है। कोर्ट ने महिला की इस याचिका पर कहा है कि अगर उनको तलाक चाहिए तो अगले 6 महीने तक अलग-अलग रहना होगा। शैल अवस्थी ने बताया कि महिला का आरोप था कि पति के घर में सामान ढंग से रखने की बजाय इधर-उधर बिखरा रहता है। महिला को इस बात पर भी ऐतराज था कि उसका पति भविष्य के लिए पैसा जमा नहीं कर रहा है।

एक साल पहले हुई थी दोनों की शादी
शैल अवस्थी ने बताया कि ये एक महीने पुराना मामला है। हिंदू अधिनियम की 13बी पारस्परिक सहमति के विवाह विच्छेद के तहत फैमिली कोर्ट में मामला दर्ज हुआ है, 6 महीने के बाद इन दंपति का विधिवत तलाक हो जाएगा। पति सिंधी समुदाय से है और बैरागढ़ में एक दुकान चलाता है जबकि महिला एक ब्राह्मण है। शैल अवस्थी ने कहा कि उनका कोई बच्चा नहीं है। महिला के घरवालों ने रोकने की काफी कोशिश की लेकिन वह राजी नहीं हुई।












Click it and Unblock the Notifications