Madhya Pradesh: इंदौर में बेकाबू ट्रक ने भीड़ को रौंदा, 2 लोगों की हुई मौत, कई घायल अस्पताल में भर्ती
इंदौर में सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। एक बेकाबू ट्रक ने भीड़भाड़ वाले इलाके में कई गाडियों को टक्कर मारी, जिसमें दो व्यक्तियों के ट्रक से कुचलने से मौत हो गई और 8 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। जिन्हें आनन-फानन में गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित सिंह ने मृतकों की पहचान नहीं होने की जानकारी दी। इस दुर्घटना में कम से कम छह लोग घायल भी हुए हैं।

एयरपोर्ट रोड स्थित शिक्षक नगर में हुए इस हादसे में एक मोटरसाइकिल भी ट्रक के नीचे फंस गई और उसमें आग लग गई। आग जल्द ही ट्रक तक फैल गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित सिंह ने बताया, "तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी और फिर अन्य लोगों को कुचला। ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है।"
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मरने वालों की संख्या अधिक हो सकती है। स्थानीय निवासी सुभाष सोनी ने मीडिया को बताया, "ट्रक चालक लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। ट्रक के टायरों में आग लग गई और जैसे ही वह वाहनों से टकराता गया, लोग गिरते गए। मेरे साले के पैर कट गए, उन्हें गीतांजलि अस्पताल ले जाया गया है।"
डीसीपी जोन-1 कृष्ण लालचंदानी ने एएनआई को बताया कि ट्रक चालक नशे की हालत में था और उसने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे यह दुर्घटना हुई। उन्होंने कहा, "ट्रक चालक पुलिस हिरासत में है और उसे मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है।"












Click it and Unblock the Notifications