मंत्रियों के इस्तीफे के बाद कांग्रेस का बड़ा बयान- सरकार बची हुई है, पूरे 5 साल चलेगी
मध्य प्रदेश में सोमवार देर रात को एक बड़े घटनाक्रम के तहत सीएम कमलनाथ ने अपनी कैबिनेट की बैठक बुलाई, जिसमें राज्य के 16 मंत्रियों ने अपने इस्तीफे सौंप दिए।
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश में सोमवार देर रात को एक बड़े घटनाक्रम के तहत सीएम कमलनाथ ने अपनी कैबिनेट की बैठक बुलाई, जिसमें राज्य के 16 मंत्रियों ने अपने इस्तीफे सौंप दिए। सीएम कमलनाथ अब फिर से अपनी कैबिनेट का गठन करेंगे। इस बीच निवर्तमान कैबिनेट मंत्री पीसी शर्मा ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा, 'बैठक में मौजूद सभी मंत्रियों ने अपने इस्तीफे सीएम कमलनाथ को सौंप दिए हैं। हमने सीएम से प्रार्थना की है कि वो फिर से राज्य की कैबिनेट का गठन करें और भाजपा ने जो हालात पैदा किए हैं, उससे निपटें। सरकार बची हुई है, पूरे 5 साल चलेगी।'

कांग्रेस पार्टी के 17 विधायक लापता- सूत्र
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में इन दिनों सियासी उठापटक का दौर देखने को मिल रहा है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस पार्टी के 17 विधायक, जिनमें 6 मंत्री बताए जा रहे हैं, लापता हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो ये सभी विधायक ज्योतिरादित्य सिंधिया के खेमे के हैं और इन्हें बेंगलुरू के एक होटल में ठहराया गया है। इसी बीच प्रदेश के सीएम कमलनाथ ने सोमवार रात को अपनी कैबिनेट की एक अहम बैठक अपने घर पर बुलाई थी, जिसमें चीफ सेक्रेटरी भी पहुंचे थे। इस बैठक में मौजूद सभी मंत्रियों ने अपने इस्तीफे सीएम को सौंप दिए।

भाजपा ने भी बुलाई विधायकों की बैठक
वहीं मध्य प्रदेश में चल रही उठापटक के बीच भाजपा नेतृत्व ने मंगलवार को अपने सभी 107 विधायकों की एक अहम बैठक बुलाई है। पार्टी का कहना है कि विधायकों की यह बैठक 16 मार्च से शुरू हो रहे राज्य के बजट सत्र और 26 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनावों को लेकर बुलाई गई है। हालांकि मध्य प्रदेश में चल रहे सियासी घमासान को देखते हुए माना जा रहा है कि यह बैठक राज्य के मौजूदा हालात को लेकर बुलाई जा रही है। दूसरी तरफ खबर यह भी है कि कांग्रेस के दिग्गज नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर सकते हैं।

सोनिया गांधी ने की सिंधिया से फोन पर बात
आपको बता दें कि मध्य प्रदेश में पिछले करीब 15 दिन से सियासी हलचल बढ़ी हुई है। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया अपनी उपेक्षा से नाराज हैं। इसी नाराजगी के बीच ज्योतिरादित्य सिंधिया सोमवार को दिल्ली पहुंचे। बताया जा रहा है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया को मनाने के लिए कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उनसे फोन पर भी बातचीत की है, लेकिन फिलहाल कोई बड़ा संकेत अभी तक नहीं मिला है।












Click it and Unblock the Notifications