बेटी ने घरवालों के खिलाफ जाकर की शादी, गुस्साए पिता ने दे डाला मृत्यु भोज
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक पिता ने अपनी बेटी के जीवित रहते ही मृत्यु भोज करा दिया। दरअसल, युवती ने घर से भागकर परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी की थी। पिता जब बेटी को समझाने गए तो उसने उनको पहचानने से भी इनकार कर दिया। युवती ने पुलिसवालों के सामने अपने पिता को पहचानने से इनकार कर दिया था।

बेटी को मृत मानकर मृत्यु भोज करा दिया
इससे नाराज पिता ने बेटी को मृत मानकर मृत्यु भोज करा दिया। मंदसौर के कुचदौड़ गांव की रहने वाली 19 साल की लड़की का पास के ही गांव के एक युवक से अफेयर था। दोनों क्लास 6 से एक-दूसरे को जानते हैं। लड़के का अक्सर लड़की के घर आना-जाना होता था। धीरे-धीरे इन दोनों में प्यार हो गया और एक दिन दोनों से चुपचाप बिना किसी को बताए घर से भागकर शादी कर ली।

बेटी ने पिता को पहचानने से किया था इनकार
घरवालों को ये बात मालूम हुई तो जमकर हंगामा हुआ। पूरे गांव में इन दोनों परिवारों को लेकर बातें होने लगीं। आखिरकार ये मामला पुलिस थाने जा पहुंचा। पुलिस थाने में युवती अपने पति के साथ पहुंची। थाने में पुलिस के सामने जब पिता ने बेटी को समझाने की कोशिश की तो वह बोल पड़ी कि ये कौन है, मैं इनको जानती ही नहीं। बेटी के इस जवाब से पिता को गहरा धक्का लगा, फिर गुस्से में पिता ने बेटी से सारे रिश्ते तोड़ लिए।

बेटी ने घर से भागकर की थी शादी
पिता ने बेटी को मृत समझकर उसका मृत्यु भोज कराने की ठान ली। पिता ने इसके लिए बाकायदा शोक संदेश छपवाकर अपने रिश्तेदारों और संबंधियों को मृत्यु भोज के लिए बुलाया। इस मामले में परिवार के लोगों का कहना है कि बेटी ने एक पिता के दर्द को ना समझा। बेटी ने परिवार के खिलाफ जाकर उस युवक से शादी कर ली। घरवालों के लाख समझाने पर भी उसने किसी किसी की बात नहीं मानी।












Click it and Unblock the Notifications