मां की गोद में तड़पता रहा बेटा, एंबुलेंस का ऑक्सीजन खत्म होने से 21 साल के लड़के की मौत, वीडियो वायरल
Madhya Pradesh: के मंडला जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक 21 वर्षीय युवक एंबुलेंस के अंदर सांस लेने के लिए संघर्ष करता दिखाई देता है। परिवार का आरोप है कि इलाज के लिए ले जाते समय एंबुलेंस में लगी ऑक्सीजन रास्ते में ही खत्म हो गई, जिसके बाद युवक ने अपनी मां की गोद में दम तोड़ दिया।
यह मामला 27 जुलाई का बताया जा रहा है, लेकिन वीडियो सामने आने के बाद इसने फिर से चर्चा पकड़ ली है। परिजनों का कहना है कि अगर समय पर ऑक्सीजन मिल जाती और एंबुलेंस में जरूरी व्यवस्था होती, तो शायद उनके बेटे की जान बच सकती थी। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद सामने आया मामला
जानकारी के अनुसार, यह घटना 27 जुलाई की है। हालांकि 31 जुलाई को इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। वीडियो में युवक अपने माता-पिता के साथ एंबुलेंस में दिखाई देता है। परिवार का दावा है कि ऑक्सीजन खत्म होने के कारण उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
MP- मंडला में सरकारी एंबुलैंस में ऑक्सीजन खत्म होने से 21 साल के युवक ने अपने पेरेंट्स की गोद में तड़फ-तड़फकर दम तोड़ दिया.
मध्य प्रदेश के चीफ मिनिस्टर मोहन यादव ने कुछ समय पहले क्रिटिकल मरीजों के लिए एयर एंबुलेंस मुहैया किए जाने का वायदा किया था. pic.twitter.com/PmluSz6Qb0
— Narendra Pratap (@hindipatrakar) July 31, 2026
मां की गोद में तोड़ा दम
अधिकारियों के मुताबिक, मृतक की पहचान 21 वर्षीय अजीत बरैया के रूप में हुई है, जो मंडला जिले के बम्हनी थाना क्षेत्र के सुनेहरा गांव का रहने वाला था। बताया गया कि अजीत की जिला अस्पताल में नियमित डायलिसिस होती थी। तबीयत बिगड़ने पर परिवार ने एंबुलेंस बुलाई, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक के पिता का आरोप है कि बेटे को पहले कम्युनिटी हेल्थ सेंटर ले जाया गया, जहां सांस लेने में दिक्कत होने के बावजूद उसे ऑक्सीजन नहीं दी गई। बाद में उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन एंबुलेंस में सफर के दौरान ऑक्सीजन खत्म हो गई। परिवार का कहना है कि इसी वजह से युवक की मौत हुई। पिता ने बताया कि एंबुलेंस बुलाने के बाद भी वह करीब एक घंटे की देरी से पहुंची। उनका कहना है कि रास्ते में ऑक्सीजन खत्म होने के कारण बेटा लगातार तड़पता रहा और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। पिता ने भावुक होकर कहा कि अगर एंबुलेंस में ऑक्सीजन उपलब्ध रहती, तो उनका बेटा आज जिंदा होता।
ये भी पढ़ें: CJP प्रदर्शन में डांस से चर्चा में आईं उर्वशी का नया वीडियो वायरल, 'बाबर की विरासत' वाले पोस्ट पर दिया जवाब!


Click it and Unblock the Notifications
