MP News: महिला स्वास्थ्य को लेकर CM मोहन यादव सरकार की बड़ी पहल, मजबूत हुई टेक होम राशन व्यवस्था
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश टी.एच.आर. पोषण प्रणाली को अपग्रेड कर रहा है, जिसमें आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से फोर्टिफाइड भोजन वितरित करने के लिए स्थानीय स्वयं सहायता समूहों को तैनात किया गया है। यह कार्यक्रम प्रीस्कूलरों, गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं के लिए कवरेज का विस्तार करता है, साथ ही गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों के लिए लक्षित देखभाल, मासिक स्वास्थ्य निगरानी और फील्ड फॉलो-अप के साथ।
मध्य प्रदेश में बच्चों और महिलाओं को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में टेक होम राशन (THR) व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने अगस्त के पहले सप्ताह से नई THR व्यवस्था लागू की है। इसके तहत स्थानीय स्व-सहायता समूहों के माध्यम से तैयार किया गया पोषण आहार हितग्राहियों को उपलब्ध कराया जा रहा है।

सरकार का कहना है कि नई व्यवस्था से स्थानीय स्तर पर पोषण आहार की उपलब्धता मजबूत होने के साथ स्व-सहायता समूहों की भागीदारी भी बढ़ रही है।
पूरक पोषण कार्यक्रम के तहत पात्र हितग्राहियों को वर्ष में न्यूनतम 300 दिवस पूरक पोषण सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रावधान है। प्रदेश के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर अगस्त के पहले सप्ताह से स्थानीय स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार THR का वितरण शुरू किया जा चुका है।
3 से 6 वर्ष तक के बच्चों को आंगनवाड़ी केंद्रों पर प्रतिदिन नाश्ता और गर्म पका भोजन दिया जा रहा है। वहीं 6 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों तथा गर्भवती और धात्री माताओं के लिए मंगलवार को गर्म पका भोजन और शेष दिनों में THR उपलब्ध कराने की व्यवस्था है।
कुपोषित बच्चों के लिए अतिरिक्त पोषण आहार
6 से 60 माह के अति गंभीर कुपोषित (SAM) तथा 6 से 72 माह के अति कम वजन (SUW) बच्चों को अतिरिक्त पोषण आहार के रूप में भी स्थानीय स्तर पर तैयार THR दिया जा रहा है।
बच्चों की पोषण स्थिति की नियमित निगरानी के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों पर उनका वजन और लंबाई-ऊंचाई मापी जा रही है। इन आंकड़ों को पोषण ट्रैकर पर दर्ज किया जाता है।
चिन्हित बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, पोषण परामर्श और आवश्यक देखभाल के साथ जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य विभाग और पोषण पुनर्वास केंद्रों के साथ समन्वय कर रेफरल की कार्रवाई भी की जाती है।
हर महीने 10 दिवसीय शारीरिक माप दिवस
जन्म से 6 वर्ष तक के बच्चों की सघन स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य जांच के लिए हर महीने 10 दिवसीय शारीरिक माप दिवस आयोजित किए जाते हैं। इस दौरान SAM, MAM और SUW श्रेणी में चिन्हित बच्चों का मुख्यमंत्री बाल आरोग्य संवर्धन कार्यक्रम में पंजीयन कर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
मैदानी अमले द्वारा गृहभेंट के माध्यम से बच्चों का नियमित फॉलोअप किया जाता है। साथ ही परिवारों को बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक परामर्श भी दिया जाता है।
विशेष जनजातीय क्षेत्रों में 681 नए आंगनवाड़ी केंद्र
मध्य प्रदेश के विशेष जनजातीय क्षेत्रों में भी पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री जनजातीय न्याय महाअभियान के तहत जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से 681 नवीन आंगनवाड़ी केंद्रों का संचालन शुरू किया गया है।
सहरिया, बैगा और भारिया जैसे विशेष जनजातीय समूहों के क्षेत्रों में आंगनवाड़ी सेवाओं, पूरक पोषण आहार और बच्चों की वृद्धि एवं पोषण स्थिति की निगरानी को प्राथमिकता दी जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय कर नियमित स्क्रीनिंग, स्वास्थ्य जांच, रेफरल और फॉलोअप की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।
स्व-सहायता समूहों की भागीदारी से स्थानीय स्तर पर पोषण व्यवस्था को बढ़ावा
महिला एवं बाल विकास विभाग की नई THR व्यवस्था का उद्देश्य पोषण सेवाओं को अधिक प्रभावी, स्थानीय और सतत बनाना है। स्थानीय स्व-सहायता समूहों की भागीदारी से तैयार पोषण आहार के वितरण से बच्चों और माताओं तक पूरक पोषण सेवाओं की पहुंच मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।
सरकार का फोकस बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को समय पर पोषण उपलब्ध कराने के साथ-साथ कुपोषण की पहचान, स्वास्थ्य जांच और आवश्यक उपचार एवं फॉलोअप की व्यवस्था को मजबूत करने पर है।


Click it and Unblock the Notifications
