महिलाओं को टिकट देने पर बोले कमलनाथ, सजावट के आधार पर नहीं चुन रहे प्रत्याशी
भोपाल। कांग्रेस के सीनियर नेता और मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ के महिलाओं को टिकट दिए जाने को लेकर दिए बयान पर भाजपा ने उन पर निशाना साधा है। महिलाओं को टिकट के सवाल पर कमलनाथ ने कहा कि पार्टी महिलाओं को टिकट सजावट के आधार पर नहीं दे रही है। इस पर भाजपा नेताओं ने कहा है कि कांग्रेस नेता महिलाओं को सजावट की वस्तु के तौर पर देख रहे हैं तो ये दुर्भाग्यपूर्ण है और उनकी मानसिकता को दिखाता है।

क्या बोले कमलनाथ
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट बंटवारे को लेकर कांग्रेस दफ्तर में सवांददाता सम्मेलन में कमलनाथ से सवाल किया गया था। चुनाव में महिलाओं को टिकट देने में कंजूसी किए जाने के सवाल पर कमलनाथ ने कहा, कांग्रेस चुनाव जीतने वाली महिलाओं को टिकट दे रही है, कोटा और सजावट के आधार पर टिकट नहीं दिए जा रहे।

भाजपा ने की आलोचना
कमलनाथ के बयान की भाजपा ने आलोचना की है। भाजपा नेता राजो मालवीय ने कांग्रेस नेता के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में महिलाएं कोई सजावट की चीज नहीं हैं, यहां महिलाएं मान-सम्मान से देखी जाती हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मानसिकता इस दर्जे पहुंच गई है कि वो महिलाओं को सजावट की वस्तु कह रहे हैं।

भाजपा-कांग्रेस ने महिलाओं को टिकट देनें में की कंजूसी
मध्य प्रदेश में दोनों मुख्य दल, भाजपा और कांग्रेस ने महिलाओं को टिकट देने में कंजूसी दिखाई है। राज्य में 230 विधानसभा सीटें हैं। सभी पर नामांकन भरने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। राज्य में भाजपा ने 27 और कांग्रेस ने 25 महिलाओं को उम्मीदवार बनाया है। मध्य प्रदेश में सभी सीटों के लिए एक ही चरण में 28 नवंबर को मतदान होगा। 11 दिसंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications