'चिनाब ब्रिज की नींव में छिपा है एक महिला के 17 सालों का संकल्प', पढ़िए इंजीनियर जी. माधवी लता की कहानी
Madhavi Latha Chenab Rail Bridge: 6 जून 2025 का दिन इतिहास में दर्ज हो गया जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर में दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल - चिनाब ब्रिज उद्घाटन किया। अगर इसकी ऊंचाई की बात करें तो यह एफिल टॉवर से भी ऊपर है। लेकिन इस अद्वितीय संरचना के पीछे एक ऐसी महिला के सालों की मेहनत, तकनीकी दक्षता और अनंत धैर्य का वह चेहरा छिपा है, जिसे देश के हर नागरिक को जानना चाहिए।
जब भारत ने कश्मीर तक ट्रेन का सपना देखा तब एक महिला ने उसे सच कर दिखाया। IISc बेंगलुरु की सिविल इंजीनियरिंग विशेषज्ञ और रॉक इंजीनियरिंग की जानी-मानी प्रोफेसर हैं माधवी लता।

उन्होंने करीब 17 सालों तक इस प्रोजेक्ट को न केवल मॉनिटर किया, बल्कि इसे साकार करने में चुपचाप लेकिन एक बेहद निर्णायक भूमिका निभाई।
Pro. Madhavi Latha: एक महिला, जिसके हौसले चट्टानों से भी दृढ़ निकले
2005 में जब चिनाब ब्रिज प्रोजेक्ट की शुरूआत हुई थी, तब इसे सिर्फ एक साहसिक आइडिया माना गया। लेकिन इसकी जियोलॉजिकल कंडीशन, ढलानों की तीव्रता और भूकंप संभावित क्षेत्र ने इस सपने को लगभग असंभव बना दिया। इसी समय एक महिला वैज्ञानिक ने अपना कदम आगे बढ़ाया प्रोफेसर जी. माधवी लता। डेकेन हेराल्ड की एक रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने अफकॉन्स कंपनी के अनुरोध पर इस परियोजना को मॉनिटर करने और तकनीकी सलाह देना के लिए हामी भरी थी।
जहाँ देश के अग्रणी इंजीनियर संघर्ष कर रहे थे, वहीं माधवी लता ने ढलानों की स्थिरता, नींव की संरचना, और पुल की हर मौसम में सुरक्षा जैसे जटिल पहलुओं को समझा, परखा और नए समाधान दिए। उन्होंने न केवल डिजाइन में बदलाव किए, बल्कि हर मौसम, हर भूगर्भीय चुनौती को ध्यान में रखते हुए इसकी नींव रखी।
माधवी लता, सिर्फ इंजीनियर नहीं बल्कि एक विजनरी लीडर भी
उनका योगदान केवल तकनीकी सुझावों तक सीमित नहीं था। माधवी लता एक 'प्रोजेक्ट लीडर' की तरह इस विशाल संरचना की हर सलाह और सुझाव में शामिल थीं। एक महिला के लिए इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्र में लीडरशिप संभालना आज भी दुर्लभ माना जाता है। लेकिन माधवी लता ने इस भ्रम को तोड़ दिया।
रिपोर्टस के मुताबिक इस प्रोजेक्ट में उनके साथ एक और वैज्ञानिक थे लेकिन कुछ ही सालों में उन्होंने यह परियोजना छोड़ दी। इसके बाद माधवी लता ने अकेले ही इसकी नींव पड़ने से लेकर 2022 में पुल के अंतिम ट्रायल तक इस परियोजना की जिम्मेदारी निभाई।
भूकंप, तेज हवाएं और महिला की इच्छाशक्ति
जिस इलाके में यह पुल खड़ा है, वह भूकंप के लिहाज से बेहद सेंसिटिव एरिया माना जाता है। इसके साथ ही, 220 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाएं भी इस परियोजना को असंभव बनाती थीं। लेकिन लता ने हर चुनौती को एक नई योजना, एक नए समाधान से पीछे छोड़ा। एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने बताया था कि, "कभी-कभी हमें नींव की स्थिति बदलनी पड़ी, कभी खड़ी ढलानों को स्थिर करना पड़ा। हमने डिजाइन को कठोर नहीं बनाया, बल्कि उसे लचीला रखा ताकि वह प्रकृति से तालमेल बिठा सके।"
माधवी लता इंजीनियरिंग का बेहतरीन नमूना पेश करती हैं। प्रोफेसर लता ने साबित कर दिया कि बुनियादी ढांचे का निर्माण केवल फौलादी मशीनों से नहीं होता, बल्कि संकल्प, दूरदृष्टि और धैर्य से होता है जो एक महिला में कूट-कूट कर भरा होता है।
जब एक महिला सपनों की नींव रखती है, तो इतिहास बनता है
चिनाब ब्रिज सिर्फ दो पहाड़ियों को नहीं जोड़ता - यह सपनों और सच्चाई, वैज्ञानिक सोच और महिला शक्ति और राष्ट्रीय गौरव को जोड़ता है। उनकी यह यात्रा उन सभी शोधकर्ताओं और युवा महिलाओं को प्रेरित करेगी जो विज्ञान और तकनीकी क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाना चाहती हैं। माधवी लता उस शक्ति का प्रतीक हैं, जो सृजन भी करती है और बदलाव भी लाती है।
प्रो. माधवी लता सिर्फ पुल नहीं बना रही थीं, वह महिलाओं और विज्ञान के बीच की दूरी को पाट रही थीं। आने वाले इतिहास में जब भी तकनीकि और मनोबल के बारे में बात होगी उसमें एक महिला का नाम गर्व से लिया जाएगा जिसने दुनिया के सबसे ऊंचे ब्रिज की नींव रखी और वह महिला थी जी. माधवी लता।












Click it and Unblock the Notifications