राहुल गांधी के पीएम मोदी से गले मिलने पर लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने जताई नाराजगी
नई दिल्ली। अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जिस तरह से अपने संबोधन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सीट पर जाकर उनसे गले मिले, इस पर हंगामा बढ़ने लगा है। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने भी राहुल गांधी के इस रवैये पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि सदन की गरिमा होती है। मैं गले लगाने के विरूद्ध नहीं हूं लेकिन पीएम पद का सम्मान करना चाहिए। राहुल गांधी के आंख मारने के मामले पर भी सुमित्रा महाजन ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष का बर्ताव ठीक नहीं है।

'हमें संसद के सदस्य के तौर पर अपनी भी गरिमा रखनी है'
लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा कि सदन में जो हुआ उसे देखकर मैं हैरान रह गई। ये समझ लें कि सदन की गरिमा हमें ही रखनी होगी, कोई बाहर का आकर नहीं रखेगा। हमें संसद के सदस्य के तौर पर अपनी भी गरिमा रखनी है। मैं चाहती हूं कि सब लोग प्रेम से रहें। मेरे दुश्मन नहीं हैं राहुल गांधी, मेरे बेटे जैसे लगते हैं। उन्होंने कहा कि किसी से गले मिलना गलत नहीं है लेकिन सदन की गरिमा भी बनाए रखनी होती है।

'मेरे दुश्मन नहीं हैं राहुल गांधी, मेरे बेटे जैसे हैं'
दरअसल अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कुछ ऐसा किया जिसकी उम्मीद शायद ही किसी ने की होगी। पहले तो राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर सीधा हमला बोला, इसके बाद अपने संबोधन के खत्म होने पर खुद पीएम मोदी के पास जाकर उनसे गले मिले। खुद प्रधानमंत्री को भी उम्मीद नहीं थी कि कांग्रेस अध्यक्ष ऐसा कुछ कर सकते हैं, लेकिन राहुल ने जिस तरह से पीएम मोदी से उनकी सीट पर जाकर उनसे गले मिले, उसने संसद में हंगामे भरे माहौल को थोड़ा सा बदल जरूर दिया।

मैं चाहती हूं कि सब लोग प्रेम से रहें- सुमित्रा महाजन
पीएम मोदी से गले लगने से पहले राहुल गांधी ने कहा कि भले ही आपके अंदर मेरे लिए नफरत है, भले आप मुझे पप्पू कहिए और बहुत गालियां देकर बुला सकते हैं लेकिन मेरे अंदर आपके लिए नफरत नहीं है। यही बोलने के बाद राहुल गांधी प्रधानमंत्री मोदी के पास पहुंचे और उनसे गले लग गए।












Click it and Unblock the Notifications