तेजस्वी की मौजूदगी में मंच से तेज प्रताप ने कही बड़ी बात
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2019) के छठे चरण में रविवार को हुए मतदान के बाद अब आखिरी चरण में 19 मई को वोटिंग होनी है। बिहार में भी आखिरी चरण में मतदान होना है जिसके लिए प्रचार जोरों पर है। इस बीच राजद की रैलियों और सभाओं से अब तक दूर रहने वाले पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप छोटे भाई तेजस्वी के साथ मंच पर दिखाई दिए। इस दौरान तेज प्रताप ने एक बार फिर अपनी बात को दोहराते हुए तेजस्वी को 'अर्जुन' बताया।

तेजस्वी के साथ मंच पर आए तेज प्रताप
यह पहली बार है जब तेजप्रताप, शिवहर और जहानाबाद में अपनी पसंद के उम्मीदवारों को टिकट नहीं दिए जाने करने पर पार्टी नेतृत्व से नाराजगी के बाद तेजस्वी के साथ संयुक्त चुनाव प्रचार के लिए गए। हालांकि, वे पहले ऐसे दो मौकों पर इनकार कर चुके थे। बिहार में आखिरी चरण में 8 लोकसभा सीटों पर मतदान होना है। आखिरी चरण से पहले, दोनों भाइयों के साथ आने को 'डैमेज कंट्रोल' के रूप में भी देखा जा रहा है, जिस तरह से तेज प्रताप ने लालू यादव की अनुपस्थिति में बगावती तेवर अख्तियार कर लिया था। रविवार को तेजस्वी और तेज प्रताप ने आरा, नालंदा और पाटलिपुत्र में एक साथ रैलियां की। तेज प्रताप तेजस्वी के साथ ही हेलीकॉप्टर में गए।
ये भी पढ़ें: बिहार लोकसभा चुनाव 2019 की विस्तृत कवरेज

तेज प्रताप ने अपने भाई को अर्जुन बताया
जगदीशपुर की रैली में तेज प्रताप ने अपने भाई को अर्जुन बताया। तेजप्रताप ने सारे गिले शिकवे भुलाते हुए दोनों भाईयों को कृष्ण और अर्जुन का रूप बताया। इस बीच जनता की तरफ से 'करण-अर्जुन' की आवाज आई तो उस आवाज को नकारते हुए तेजप्रताप ने कहा कि हम दोनों भाई करण-अर्जुन नहीं, बल्कि कृष्ण और अर्जुन हैं। तेज प्रताप ने कहा कि हम कृष्ण भगवान के वंशज हैं और हमारा हीरो केवल तेजस्वी यादव है।

हमारा हीरो केवल तेजस्वी यादव
वहीं, दोनों भाइयों ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला। तेज प्रताप ने नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए कहा कि पलटू चाचा ने रातों रात चोर दरवाजे से लालू यादव एंड फैमिली को बदनाम करने का काम किया। बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि हमारे बड़े भाई तेज प्रताप यादव आप लोगों के बीच आरा में तीन तारा के लिए वोट मांगने आएं है। उन्होंने कहा कि देश सुरक्षित नहीं है और इसलिए आप सभी को एकजुट होने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications